वजन घटाने की बात आते ही लोग अक्सर वॉकिंग को हल्के में ले लेते हैं। कई लोगों को लगता है कि फैट कम करने के लिए जरूर जिम में कड़ी एक्सरसाइज या लंबा कार्डियो करना पड़ेगा, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। सही रफ्तार, सही समय और रोज की आदत के साथ वॉकिंग भी फैट बर्न करने का एक असरदार तरीका बन सकती है।
फिटनेस कोच और वेट लॉस एक्सपर्ट अंजलि सचान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि 1 किलो फैट घटाने के लिए असल में कितनी वॉक करनी पड़ती है।
अंजलि सचान के अनुसार, 1 किलो फैट लगभग 7,700 कैलोरी के बराबर होता है। यह असली शरीर में जमा फैट होता है, न कि पानी का वजन, सूजन या ग्लाइकोजन। फैट दरअसल शरीर में जमा ऊर्जा होती है, इसलिए इसे घटाने में समय लगता है। लेकिन एक बार जब यह फैट जल जाता है, तो वह हमेशा के लिए खत्म हो जाता है।
वह बताती हैं कि 1,000 कदम चलने पर लगभग 50 से 70 कैलोरी तक बर्न होती है। हर कदम पर शरीर ऊर्जा खर्च करता है, मांसपेशियां काम करती हैं, संतुलन बना रहता है और दिल की धड़कन तेज़ होती है, जिससे कैलोरी खर्च होती है।
अगर हिसाब लगाया जाए, तो 7,700 कैलोरी को औसतन 1,000 कदम में जलने वाली 60 कैलोरी से भाग देने पर करीब 1 लाख 28 हजार से 1 लाख 50 हजार कदम निकलते हैं। यानी सिर्फ वॉकिंग से 1 किलो फैट घटाने के लिए इतने कदम चलने पड़ते हैं।
अंजलि सचान कहती हैं कि अगर कोई व्यक्ति रोज 10,000 से 15,000 कदम चलता है, तो 10 से 12 दिनों में 1 लाख से 1.5 लाख कदम पूरे हो सकते हैं। इसका मतलब यह है कि बिना डाइट गिने, बिना जिम वर्कआउट और रोज़मर्रा की सामान्य कैलोरी बर्न को जोड़े भी, लगभग दो हफ्तों में 1 किलो फैट घटाया जा सकता है।
वह यह भी साफ करती हैं कि वॉकिंग से फैट कम जरूर होता है, लेकिन यह एक दिन में नहीं होता। फैट लॉस एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है, कोई जादू नहीं। रोज चलने का मतलब रोज़ कैलोरी बर्न और धीरे-धीरे स्थायी फैट लॉस है।
अंजलि के अनुसार, वॉकिंग लंबे समय के लिए फैट घटाने का बेहतरीन तरीका है क्योंकि यह कैलोरी जलाती है, फैट धीरे-धीरे कम करती है, बहुत ज्यादा भूख नहीं बढ़ाती, हार्मोन या पीरियड्स को खराब नहीं करती, शरीर को थकाती नहीं है और मानसिक स्वास्थ्य व मूड को भी बेहतर बनाती है। अंत में वह कहती हैं कि फैट एक ही दिन की भारी एक्सरसाइज से नहीं घटता, बल्कि छोटे-छोटे कदमों से, हर दिन, सच में और धीरे-धीरे कम होता है।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)