Kal Ka Mausam, 25 December 2025: दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ तक, इस वक्त ठंड की चपेट में हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल रहा है। सुबह के वक्त दिल्ली से बिहार तक में चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया है। हालांकि कुछ लोग ऐसे ही भी है, जो इस ठंड को चीरते हुए पहाड़ों पर क्रिसमस मनाने पहुंच गए हैं। आइए जानते हैं कि कल यानी 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन के देशभर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में क्रिसमस पर कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में इस क्रिसमस कोहरा छाए रहने संभावना है। हालांकि सुबह का छाया कोहरा दिन होते-होते छट जाएगा और दिन में अच्छी धूप खिल सकती है। धूप की वजह से तापमान में थोड़ा इजाफा होगा, लेकिन रात होते- होते तापमान गिर जाएगा। दिल्ली का कल अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी 25 दिसंबर को कोहरा छाए रहने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर में बर्फ के तूफान की चेतावनी
मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ भी ठंडे पड़ गए हैं। कई पर्वतीय इलाकों में तो बर्फबारी भी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक पांच जिलों डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कल जम्मू कश्मीर का न्यूनतम तापमान भी गिरने की संभावना है। कल जम्मू कश्मीर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक आ सकता है। वहीं गुलमर्ग में स्नोफॉल का अलर्ट भी जारी किया गया है।
यूपी-बिहार में गिरेगा तापमान
यूपी-बिहार को ठंड अपनी चपेट में ले रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सुबह के वक्त घना कोहरा देखने को मिल रहा है। आलम ऐसा है कि कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 60 मीटर से भी कम हो गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इसके अलावा न्यूनतम तापमान में अगले 2 डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है।
वहीं यूपी से सटे बिहार का भी कुछ ऐसा ही हाल है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4-5 दिनों तक बिहार के लोगों को ठंड से कोई राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है।मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो दिनों तक राज्य के उत्तरी, दक्षिणी-पश्चिमी एवं दक्षिण-मध्य भागों के कुछ स्थानों में 'कोल्ड डे' जैसी स्थिति होने की संभावना है।
झारखंड में कल कैसा रहेगा मौसम
झारखंड इन दिनों कड़ाके की शीतलहर की चपेट में है। लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में घना कोहरा छा सकता है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो जाएगी।
कहां होगी क्रिसमस पर बर्फबारी?
25 दिसंबर यानी क्रिसमस पर हिमालयी राज्यों में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुफरी और रोहतांग पास में भी बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के मसूरी, औली और चमोली जिले में बर्फबारी के आसार हैं।