पाकिस्तान: इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 साल की जेल, क्या 'कप्तान' के लिए अब राहें बंद हैं?

Imran Khan Jail Sentence: सत्ता के शिखर से सलाखों के पीछे तक: इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 साल की सजा ने पाकिस्तान की सियासत में भूचाल ला दिया है। अपनों की गिरफ्तारी और अपनों का संघर्ष, क्या यह 'कप्तान' की पारी का अंत है?

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड20 Dec 2025, 12:10 PM IST
इमरान खान और बुशरा बीवी को 17 साल जेल की सजा। (फाइल फोटो)
इमरान खान और बुशरा बीवी को 17 साल जेल की सजा। (फाइल फोटो)(AP)

Pakistan News: पाकिस्तान की सियासत में इन दिनों सिर्फ एक ही नाम की गूंज है—इमरान खान। रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल से आई खबर ने न केवल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों को झकझोर दिया है, बल्कि देश की राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है। तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17-17 साल के कड़े कारावास की सजा सुनाई है।

तोशाखाना विवाद: उपहारों का वह जाल जिसने फंसाया

यह पूरा मामला साल 2021 का है, जब इमरान खान सत्ता में थे। आरोप है कि उन्हें और उनकी पत्नी को सऊदी अरब सरकार से बेशकीमती सरकारी उपहार मिले थे, जिनमें कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। जवाबदेही अदालत के न्यायाधीश शाहरुख अर्जुमंद ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों को न केवल जेल भेजा, बल्कि एक-एक करोड़ रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया।

यह भी पढ़ें | गाजा में अपनी सेना भेजेगा पाकिस्तान! ट्रंप से सलाह करने फिर अमेरिका जा रहे मुनीर

विश्वासघात और भ्रष्टाचार: कानून का सख्त शिकंजा

अदालत ने इस फैसले में स्पष्ट किया कि यह सजा केवल एक कानून के तहत नहीं है। इमरान और बुशरा को पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत 10-10 साल और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 7-7 साल की सजा सुनाई गई है। कुल मिलाकर 17 साल की यह कैद इमरान खान के राजनीतिक करियर के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

जेल के बाहर अपनों का संघर्ष और आंसू

इमरान खान की मुश्किलें सिर्फ सजा तक सीमित नहीं हैं। उनके परिवार पर भी कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। बीत दिनों जब जेल प्रशासन ने इमरान के रिश्तेदारों और वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इमरान की बहनों अलीमा खान और नोरीन नियाजी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अदियाला जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि यह उनके मौलिक अधिकारों का हनन है।

यह भी पढ़ें | इमरान खान की बहन को अदियाला जेल में मुलाकात करने की मिली इजाजत, जानिए मामला

प्रदर्शनकारियों पर आतंकवाद की धाराएं

विरोध की इस चिंगारी को दबाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। रावलपिंडी के सदर बेरोनी थाने में इमरान की दोनों बहनों, पीटीआई नेताओं और कई समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार मामला सामान्य नहीं, बल्कि आतंकवाद विरोधी अधिनियम (Anti-Terrorism Act) के तहत दर्ज किया गया है। अब अदियाला जेल के भीतर इमरान अपनी सजा काट रहे हैं और बाहर उनकी बहनें कानूनी लड़ाई में उलझ गई हैं।

क्या पीटीआई के लिए यह अंत की शुरुआत है?

पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि ऊंट किस करवट बैठेगा। एक तरफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है, तो दूसरी तरफ इमरान के समर्थकों का गुस्सा सड़कों पर फूट रहा है। क्या 'कप्तान' इस मुश्किल पिच पर वापसी कर पाएंगे, या यह सजा उनके राजनीतिक जीवन पर पूर्णविराम लगा देगी? आने वाले दिन पाकिस्तान की लोकतंत्र और न्यायपालिका के लिए असली परीक्षा साबित होंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सपाकिस्तान: इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 साल की जेल, क्या 'कप्तान' के लिए अब राहें बंद हैं?
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सपाकिस्तान: इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 साल की जेल, क्या 'कप्तान' के लिए अब राहें बंद हैं?