Delhi Free Gas Cylinder: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राज्य की जनता के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से होली और दीवाली के मौके पर फ्री में LPG गैस सिलेंडर दिया जाएगा। दिल्ली कैबिनेट ने इस फैसले पर मुहर लगा दी है। इस योजना के तहत साल में दो बार गैस सिलेंडर मिलेगा। गैस सिलेंडर का फायदा उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनके पास वैलिड राशन कार्ड होगा।
दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार के 1 साल पूरे होने पर दिल्ली सरकार गरीबों को सौगात देने जा रही है। बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में ये ऐलान किया था कि अगर उनकी सरकार दिल्ली में बनती है तो गरीबों को होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
पात्र लोगों के अकाउंट में भेजे जाएंगे 853 रुपये
दिल्ली की सीएम रेखा गु्प्ता ने कहा कि दिल्ली के परिवारों को बधाई, एक वादा आज पूरा कर रहे हैं। होली और दिवाली में फ्री में सिलेंडर दिया जाएगा। इसको लेकर 242 करोड़ का फंड कैबिनेट में पास कर दिया गया है। सीएम गुप्ता ने आगे कहा कि राशन कार्ड होल्डर्स को सिलेंडर खरीदने के लिए 853 रूपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
इसके साथ ही पाइपलाइन गैस (PNG) इस्तेमाल करने वालो को भी 853 रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि फ्री सिलेंडर के साथ- साथ इसी तरह सब वादे पुरे किये जाएंगे। सीएम ने कहा कि इसी होली पर फ्री में सिलेंडर दिए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के तकरीबन 17.5 लाख राशनकार्डधारी को इस योजना का लाभ मिलेगा।
किन्हें फ्री गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा?
दिल्ली के जो नागरिक है और वे EWS कैटेगरी में नहीं आते हैं या फिर जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी या रिटायर्ड लोगों को इस योजना से बाहर रखा गया है।