अंतरिक्ष से सीधा आपके मोबाइल तक: ISRO के 'बाहुबली' रॉकेट ने रचा इतिहास, अब बिना टावर मिलेगा 5G सिग्नल

ISRO LVM3 Rocket: अंतरिक्ष में भारत का एक और बड़ा धमाका! इसरो के सबसे भारी रॉकेट LVM3 ने अमेरिकी सैटेलाइट 'ब्लूबर्ड' को कक्षा में पहुंचाया। अब सीधे सैटेलाइट से चलेगा आपके फोन में इंटरनेट।

Naveen Kumar Pandey
पब्लिश्ड24 Dec 2025, 10:01 AM IST
ISRO के LVM3 रॉकेट ने कम्युनिकेशन सैटेलाइट ब्लूबर्ड को लो अर्थ ऑर्बिट में स्थापित किया।
ISRO के LVM3 रॉकेट ने कम्युनिकेशन सैटेलाइट ब्लूबर्ड को लो अर्थ ऑर्बिट में स्थापित किया।(PTI)

ISRO Blubird Launch: आज जब पूरी दुनिया क्रिसमस के जश्न की तैयारी कर रही है, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा से एक ऐसी कामयाबी की इबारत लिखी है जिसने भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। बुधवार सुबह ठीक 8:55 बजे, जब सूरज की किरणें श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र को चूम रही थीं, इसरो के सबसे शक्तिशाली रॉकेट LVM3-M6 ने आग की लपटों के साथ नीले आसमान को चीरते हुए उड़ान भरी। इस मिशन का मकसद सिर्फ एक सैटेलाइट लॉन्च करना नहीं, बल्कि भविष्य की संचार क्रांति का आगाज करना था।

अब डेड जोन में भी लगेगा फोन

इस मिशन की सबसे बड़ी खासियत इसका पेलोड 'ब्लूबर्ड ब्लॉक-2' है। यह कोई साधारण संचार उपग्रह नहीं है, बल्कि 'डायरेक्ट-टू-मोबाइल' तकनीक का भविष्य है। आसान भाषा में कहें तो इस सैटेलाइट के जरिए अब दुनिया के किसी भी कोने में, जहां मोबाइल टावर नहीं हैं, वहां भी सीधे अंतरिक्ष से 4G और 5G कनेक्टिविटी मिलेगी। घने जंगलों से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक, अब न कॉल ड्रॉप होगी और न ही इंटरनेट की रफ्तार थमेगी। यह नेटवर्क वॉयस कॉल, वीडियो स्ट्रीमिंग और डेटा सेवाओं को हर किसी के लिए, हर जगह सुलभ बना देगा।

भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी छलांग… LVM3-M6 का सफल लॉन्च, जिसने भारतीय धरती से लॉन्च किए गए अब तक के सबसे भारी सैटेलाइट, USA के ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 स्पेसक्राफ्ट को उसकी तय ऑर्बिट में पहुंचाया, भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है। यह भारत की हेवी-लिफ्ट लॉन्च क्षमता को मजबूत करता है और ग्लोबल कमर्शियल लॉन्च मार्केट में हमारी बढ़ती भूमिका को और पक्का करता है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हमारे प्रयासों को भी दिखाता है। हमारे मेहनती अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई। भारत अंतरिक्ष की दुनिया में लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है!- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

इसरो के 'बाहुबली' ने उठाया अब तक का सबसे भारी वजन

इसरो का LVM3 रॉकेट, जिसे प्यार से 'बाहुबली' कहा जाता है, उसने आज एक नया रिकॉर्ड बनाया। 6,100 किलोग्राम वजन वाला यह ब्लूबर्ड सैटेलाइट भारत की धरती से लॉन्च किया गया अब तक का सबसे भारी उपग्रह है। इससे पहले नवंबर में 4,400 किलोग्राम का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे आज इसरो ने ध्वस्त कर दिया। 43.5 मीटर लंबे इस रॉकेट ने करीब 15 मिनट की अपनी यात्रा के बाद उपग्रह को उसकी सटीक कक्षा में स्थापित कर दिया। इस मिशन की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारी पेलोड के मामले में भारत अब दुनिया की पहली पसंद बन रहा है।

व्यापार और विज्ञान का बेजोड़ संगम

यह लॉन्च इसरो की वाणिज्यिक शाखा 'न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड' (NSIL) और अमेरिका की 'AST स्पेसमोबाइल' के बीच एक बड़े कमर्शियल एग्रीमेंट का हिस्सा है। मिशन कंट्रोल सेंटर में जब वैज्ञानिकों ने सफलता की घोषणा की, तो वहां मौजूद इसरो प्रमुख डॉ. वी नारायणन और अन्य विशेषज्ञों की आंखों में खुशी साफ झलक रही थी। समय में एक मिनट के मामूली बदलाव (8:54 से 8:55) ने यह सुनिश्चित किया कि सैटेलाइट अपनी वांछित कक्षा में बिल्कुल सही जगह पहुंचे, जो इसरो की बारीकी और सटीकता का प्रमाण है।

चंद्रयान की विरासत और भविष्य की राह

LVM3 रॉकेट का ट्रैक रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है। चंद्रयान-2 और चंद्रयान-3 जैसे ऐतिहासिक मिशनों को मंजिल तक पहुंचाने वाला यह रॉकेट अब वैश्विक स्तर पर अपनी धाक जमा चुका है। AST स्पेसमोबाइल के साथ मिलकर इसरो जिस नेटवर्क को तैयार करने में मदद कर रहा है, वह दुनिया भर के 50 से अधिक मोबाइल ऑपरेटरों के साथ साझेदारी कर वैश्विक कनेक्टिविटी का सपना सच करेगा। आज की सफलता केवल एक उपग्रह का प्रक्षेपण नहीं है, बल्कि भारत के ग्लोबल स्पेस पावर बनने की दिशा में एक और लंबी छलांग है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सअंतरिक्ष से सीधा आपके मोबाइल तक: ISRO के 'बाहुबली' रॉकेट ने रचा इतिहास, अब बिना टावर मिलेगा 5G सिग्नल
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सअंतरिक्ष से सीधा आपके मोबाइल तक: ISRO के 'बाहुबली' रॉकेट ने रचा इतिहास, अब बिना टावर मिलेगा 5G सिग्नल