
Google Meet Outage: काम के बीच अचानक गूगल मीट का ठप होना किसी के लिए सिरदर्द तो किसी के लिए खुशी का मौका बन गया। बुधवार को कई लोग गूगल मीटिंग में जुड़ नहीं पाए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शंस और मीम्स की बाढ़ आ गई है। दिल्ली से लेकर चेन्नई तक कई शहरों में यूजर्स ने गूगल मीट डाउन होने की शिकायत की।
गूगल मीट पर आज कई लोग लॉगिन करने या मीटिंग जॉइन करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्क्रीन पर सिर्फ एरर मैसेज दिखता रहा। कुछ यूजर्स का कहना है कि उनकी मीटिंग अचानक डिस्कनेक्ट हो गई, जबकि कुछ के लिए प्लेटफॉर्म खुल ही नहीं रहा था। Downdetector के मुताबिक, करीब 67% लोगों ने वेबसाइट से जुड़ी समस्या बताई है और 32% यूजर्स को सर्वर कनेक्टिविटी में दिक्कत आई है। यानि दिक्कत कहीं न कहीं गूगल मीट के सर्वर साइड से जुड़ी लग रही है।
जैसे ही गूगल मीट बंद हुआ, सोशल मीडिया पर मजाक और मीम्स की झड़ी लग गई। किसी ने लिखा, “गूगल मीट डाउन, yay!” तो कोई बोला, “हमारी कंपनी में सबका मीट बंद है, मेरा ही क्यों चल रहा है?” एक यूजर ने तो मजाक में कहा, “गूगल मीट मेरे काम से पहले ही क्रैश हो गया।” एक ने चुटकी लेते हुए लिखा, “दुर्भाग्य से इन्कॉग्निटो में अब भी चल रहा है!” काम से बचने वालों के लिए ये आउटेज किसी त्योहार जैसा लग रहा है।
Downdetector के रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के कई बड़े शहरों में यूजर्स को परेशानी हुई है। इनमें दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, मदुरै, बेंगलुरु और चेन्नई का नाम शामिल है। लगभग हर बड़े मेट्रो शहर में यूजर्स ने एक ही तरह के एरर की शिकायत की।
गूगल मीट एक वीडियो कॉलिंग प्लेटफॉर्म है जिसे ऑफिस मीटिंग, टीम कॉल्स, ऑनलाइन इंटरव्यू, वर्चुअल क्लास और ट्रेनिंग जैसे कामों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह प्लेटफॉर्म 65 से ज्यादा भाषाओं में सपोर्ट और ट्रांसलेटेड कैप्शन भी देता है। लैपटॉप के अलावा यह मोबाइल ऐप और वेबसाइट दोनों पर चलता है। इसलिए जब ये अचानक बंद हुआ, तो लाखों लोगों का शेड्यूल गड़बड़ा गया।
कई यूजर्स ने बताया है कि कुछ समय बाद सर्विस धीरे-धीरे काम करने लगी, लेकिन कई जगहों पर अब भी दिक्कतें बनी हुई हैं। गूगल की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.