Happy New Year 2026: नया साल आने वाला है और दुनिया भर में लोग तैयारियां कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पृथ्वी पर सबसे पहले न्यू ईयर कौन सा देश मनाता है? जवाब है किरिबाती! यह छोटा सा द्वीपीय राष्ट्र प्रशांत महासागर में बसा है और UTC+14 टाइम जोन में होने की वजह से यहां सबसे पहले नए साल की मिडनाइट होती है। खासकर किरितिमाती आइलैंड (जिसे क्रिसमस आइलैंड भी कहते हैं) पर लोग सबसे पहले 1 जनवरी का स्वागत करते हैं। नए साल का आगाज हो चुका है।
बता दें कि जब दुनिया के ज़्यादातर देश न्यू ईयर का स्वागत करने के इंतजार में हैं। तब भारत से करीब 9 घंटे पहले किरिबाती के किरीतिमाती द्वीप और न्यूजीलैंड के चैथम आइलैंड पर 2026 की शुरुआत हो चुकी है। प्रशांत महासागर में बसे ये इलाके हर साल दुनिया में सबसे पहले नए साल का स्वागत करते हैं।
टाइम जोन के गणित में किरिबाती दुनिया के बाकी देशों से इतना आगे है कि यहां साल का पहला सूरज सबसे पहले अपनी चमक बिखेरता है। जब हम भारत में 31 दिसंबर की शाम की चाय पी रहे होते हैं, तब यहां के लोग आतिशबाजी कर नए साल का स्वागत कर चुके होते हैं।
किरिबाती आखिर है कहां?
किरिबाती प्रशांत महासागर में स्थित एक द्वीपीय देश है, जो हवाई के दक्षिण और ऑस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में पड़ता है। यह देश 33 छोटे-बड़े एटोल्स (कोरल से बने द्वीपों) से मिलकर बना है और करीब 4,000 किलोमीटर तक फैला हुआ है। किरिबाती 1979 में ब्रिटेन से आज़ाद हुआ था और यहां की आबादी करीब 1.16 लाख है। दिलचस्प बात यह है कि भले ही किरिबाती भौगोलिक रूप से हवाई के पास है, लेकिन यह नया साल एक पूरा दिन पहले मनाता है। इसकी वजह 1994 में किया गया टाइम जोन में किया गया बदलाव है, ताकि देश के सभी द्वीपों पर एक ही तारीख रहे। किरीतिमाती को दुनिया का पहला नया साल मनाने वाला इलाका कहा जाता है।
समंदर की लहरों के साथ शुरू होता है न्यू ईयर
किरिबाती सिर्फ समय की रेस में ही सबसे आगे नहीं है, बल्कि खूबसूरती के मामले में भी यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। 33 छोटे-छोटे द्वीपों (एटॉल) से मिलकर बने इस देश की नीली लहरें और सफेद रेत पहली नजर में ही किसी का भी मन मोह लेती हैं। नए साल के मौके पर यहां के समुद्री तटों को किसी दुल्हन की तरह सजाया जाता है। दुनिया भर से सैलानी इस टापू पर सिर्फ इसलिए खिंचे चले आते हैं ताकि वे उस पल के गवाह बन सकें, जिसे पूरी दुनिया कुछ घंटों बाद जीने वाली होती है। समंदर की गोद में बसा यह शांत इलाका उन लोगों के लिए बेहतरीन अनुभव है, जिन्हें शोर-शराबे वाली पार्टियों से हटकर प्रकृति के बीच नया साल मनाना पसंद है।