हरियाणा बोर्ड के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने साल 2026 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं की आधिकारिक डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड ने इस बार शेड्यूल पहले ही घोषित कर दिया है, ताकि छात्र बिना किसी दबाव के अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से प्लान कर सकें। बोर्ड के अनुसार, परीक्षाएं फरवरी 2026 के आखिरी सप्ताह से शुरू होकर अप्रैल 2026 तक चलेंगी। खास बात यह है कि इस बार भी सभी परीक्षाएं दोपहर की शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी, जिससे छात्रों को सुबह का समय पढ़ाई और रिवीजन के लिए मिल सके।
सभी परीक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से
हरियाणा बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जबकि बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाएं दोपहर 12:30 बजे शुरू होंगी। इससे खासतौर पर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले छात्रों को सुविधा मिलेगी। बोर्ड का मानना है कि दोपहर की शिफ्ट छात्रों के लिए ज्यादा अनुकूल रहती है, क्योंकि इससे उन्हें सुबह की भागदौड़ से राहत मिलती है और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी आसानी होती है। अधिकतर विषयों की परीक्षा अवधि तीन घंटे की होगी, जबकि कुछ विषयों की परीक्षा ढाई घंटे में संपन्न होगी।
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी, 2026 से आरंभ की जाएंगी। कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए बोर्ड ने संतुलित और व्यवस्थित परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है। पहली परीक्षा गणित विषय की होगी, जो 26 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 28 फरवरी को हिंदी की परीक्षा होगी। मार्च महीने में अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषयों की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके अलावा गृह विज्ञान, चित्रकला, कृषि, कंप्यूटर विज्ञान, पशुपालन, नृत्य, शारीरिक शिक्षा और संगीत जैसे वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं भी अलग-अलग तिथियों पर आयोजित होंगी।
12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी, 2026 से शुरू होंगी। कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 को अंग्रेजी विषय से शुरू होंगी। इसके बाद राजनीति विज्ञान, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, इतिहास, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और लेखाशास्त्र जैसे अहम विषयों की परीक्षाएं मार्च महीने में होंगी। गणित की परीक्षा 17 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि हिंदी की परीक्षा 24 मार्च 2026 को होगी। भूगोल, व्यवसाय अध्ययन, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान और उद्यमिता जैसे विषयों की परीक्षाएं मार्च के अंत तक पूरी कर ली जाएंगी।