धर्मेंद्र के जन्मदिन के मौके पर हेमा मालिनी ने उनके साथ की कुछ तस्वीरें साझा कीं और दिल से लिखा हुआ एक लंबा नोट पोस्ट किया। आज धर्मेंद्र 90 साल के हो जाते। 24 नवंबर को उनके निधन की खबर ने पूरे देश को दुखी कर दिया था।
हेमा मालिनी ने अपनी पोस्ट की शुरुआत इन शब्दों से की, “धरम जी, जन्मदिन मुबारक मेरे प्रिय। आपको गए हुए दो हफ्ते से ज्यादा हो गए हैं। आप मुझे टूटे दिल के साथ छोड़ गए, और अब मैं धीरे-धीरे खुद को फिर से संभालने की कोशिश कर रही हूं। लेकिन मुझे पता है कि आप हमेशा मेरी आत्मा के साथ रहेंगे।”
उन्होंने आगे लिखा, “हमारी खुशियों भरी यादें कभी मिट नहीं सकतीं। उन पलों को फिर से याद करना मुझे सुकून देता है। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं उन खूबसूरत सालों के लिए जो हमने साथ बिताए, हमारी दो सुंदर बेटियों के लिए जो हमारे प्यार की निशानी हैं, और उन सभी यादों के लिए जो हमेशा मेरे दिल में रहेंगी।”
आगे लिखते हुए हेमा ने कहा, “आपके जन्मदिन पर मेरी प्रार्थना है कि भगवान आपको शांति और सुख दे, जिसके आप हकदार हैं, आपकी विनम्रता, आपका दयालु दिल और इंसानियत के लिए आपके प्यार की वजह से। जन्मदिन मुबारक मेरे प्रिय।” धर्मेंद्र संग दो तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “हमारे खुशहाल साथ के पल।”
इससे पहले सनी देओल और ईशा देओल ने भी अपने पिता को याद करते हुए भावुक पोस्ट किए। सनी ने एक वीडियो साझा किया, वहीं ईशा ने अपनी कुछ तस्वीरें डालीं। धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया था। इससे पहले उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 12 नवंबर को छुट्टी दे दी गई थी।