Holi 2026: होली का त्योहार सभी लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। फाल्गुन पूर्णिमा की शाम को होलिका दहन किया जाता है और अगले दिन रंगों वाली होली खेली जाती है। यह त्योहार सिर्फ खुशियों और रंगों का ही नहीं, बल्कि धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी रखता है। इस दिन राधा-कृष्ण की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
मान्यता है कि होली के दिन कुछ खास उपाय करने से व्यक्ति को धन, सुख, शांति और समृद्धि मिल सकती है। आइए जानते हैं कि होली के दिन कौन-कौन से उपाय करने से जीवन में तरक्की और आर्थिक लाभ मिल सकता है।
होली पर ये उपाय क्यों माने जाते हैं खास?
इस साल फाल्गुन पूर्णिमा 3 मार्च 2026 को पड़ रही है। इस दिन होलिका दहन होगा और 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, होली के दिन की गई पूजा और उपाय जल्दी फल देते हैं। इस दिन भगवान कृष्ण को रंग, मिठाई और उनकी पसंद की चीजें चढ़ाने से विशेष आशीर्वाद मिलता है।
मोर पंख और बांसुरी का सही समय
होली के उपायों के लिए मोर पंख और बांसुरी की जरूरत होती है। इसलिए होलिका दहन से दो दिन पहले ही इन्हें घर ले आएं, क्योंकि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण भी है। 4 मार्च की सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें और राधा-कृष्ण की पूजा करें। इसके बाद नीचे बताए गए उपाय करें।
धन प्राप्ति के लिए बांसुरी का उपाय
होली के दिन सबसे पहले बांसुरी को घर के मंदिर में रखें और उसकी पूजा करें। इसके बाद रोज बांसुरी की पूजा करते रहें। माना जाता है कि इससे घर में खुशहाली आती है और धन की प्राप्ति होती है।
घर में शांति और सुख के उपाय
अगर घर में झगड़े या तनाव रहता है तो होली के दिन बांसुरी की पूजा करके उसे किसी पवित्र स्थान पर रखें। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में शांति और खुशहाली बनी रहती है।
नौकरी और व्यापार की बाधाएं दूर करने के उपाय
अगर नौकरी या व्यापार में परेशानी आ रही है तो घर की पूर्व या उत्तर-पश्चिम दिशा की दीवार पर मोर पंख लगाएं। इससे करियर में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। साथ ही कुंडली में राहु के अशुभ प्रभाव भी कम होते हैं।
खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए उपाय
अगर पति-पत्नी के बीच मनमुटाव रहता है तो होली के दिन दोनों मिलकर राधा-कृष्ण की पूजा करें। उन्हें रंग और मिठाई चढ़ाएं। पूजा के बाद बेडरूम में मोर पंख रखें। ऐसा करने से पति-पत्नी के बीच प्यार और समझ बढ़ती है।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सिर्फ धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित है। मिंट हिंदी इस जानकारी की सटीकता या पुष्टि का दावा नहीं करता। किसी भी उपाय या मान्यता को अपनाने से पहले किसी योग्य विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।)