Hormuz Strait Ship Attack: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले का आरोप ईरान पर लगाया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। दरअसल, इस हफ्ते ओमान के तट के करीब भारतीय चालक दल सदस्य वाले तीन जहाजों पर हमले हुए। इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, ''कल रात होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरान के ड्रोन हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया। यह हरकत पूरी तरह से अस्वीकार्य है।''
राजदूत को तलब करने के बाद ट्रंप का आया बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसी पोस्ट में ईरान पर शांति समझौते की उन शर्तों को मीडिया में लीक करने का आरोप भी लगाया, जिनका बातचीत में शामिल मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है। ओमान तट के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रहे कॉमर्शियल शीप पर अमेरिकी हमलों के विरोध में भारत की तरफ नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी को तलब किए जाने के बाद ट्रंप की ये टिप्पणी आई। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को बेहद चिंताजनक बताया है और इस मामले को अमेरिका के सामने सख्ती से उठाया।
बीते कल अमेरिकी सेना ने भारतीय जहाज पर किया हमला
बता दें कि पिछले चार दिनों में दूसरी बार अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब किया गया। विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने मीक्स के सामने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। गुरुवार को ओमान तट और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सेना के हमलों में भारतीय नाविकों वाले जहाज एमटी जलवीर को निशाना बनाया गया। इस जहाज में सवार सभी 20 नाविकों को ओमान की नौसेना की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया था। इस हमले के बाद मीक्स को दूसरी बार विदेश मंत्रालय में तलब किया गया।
10 जून के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत
इससे पहले 10 जून को पलाऊ के ध्वज वाले पोत एमटी सेटेबेलो पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गये थे। इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। भारत ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की थी और मीक्स को बुलाकर कड़ा विरोध जताया था। अमेरिकी सेना ने भारतीय नाविकों वाले जहाज एमटी मेरिवेक्स को भी निशाना बनाया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा था कि भारत सरकार भारतीय नाविकों की भलाई और सुरक्षा को सबसे ज़्यादा अहमियत देती है।