आजकल अचानक से ठंड बढ़ गई है, यानी सर्दियां आ गई हैं। भारत में सर्दियां आते ही सरसों का साग, मक्के की रोटी, परांठे और बहुत कुछ खाने को मिलता है। और इन सभी व्यंजनों के साथ जो चीज हमेशा रहती है, वह है अचार का एक जार। सच बताइए, बिना एक चम्मच अचार के परांठा पूरा लगता ही नहीं। है न?
भारत में अचार की इतनी तरह-तरह की किस्में मिलती हैं कि हमेशा खाने के साथ अचार में भी दिलचस्पी बनी रहती है। हर घर में इसकी अलग रेसिपी मिलती है। किसी को भरी हुई मिर्च पसंद है, किसी को ऊपर मसाला लगा हुआ अचार। कुछ जगहों पर तली हुई मिर्च डालकर अचार बनाया जाता है। इसी तरह लहसुन का अचार, इमली का अचार, गाजर का अचार सबकी अपनी-अपनी अलग शैली होती है।
अचार बनाना एक परंपरा है, जो पीढ़ियों से चली आ रही है। इसलिए हर घर का अचार बनाने का अपना विशेष तरीका होता है। अगर आपको भी अचार खाना पसंद है, लेकिन बनाना नहीं आता है तो यहां इंस्टेंट मिक्स्ड पिकल की बहुत ही आसान सी रेसिपी शेयर की गई है।
ये अचार मौसम के स्वाद को और बढ़ा देता है। इसमें गाजर, फूलगोभी, अदरक, मिर्च आदि को मसाले में मिलाकर कुछ घंटों के लिए धूप में रखा जाता है। इससे एक बढ़िया मिक्स अचार तैयार होता है, जिसे हम लगभग हर चीज़ के साथ खा सकते हैं। यहां हम इसका एक जल्दी बनने वाला आसान तरीका लेकर आए हैं।