China Monorail Track Switching Mechanism: चीन की मोनोरेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसके भारी-भरकम ट्रैक का एक हिस्सा अपनी जगह से खिसकता है और ट्रेन के लिए दूसरा रास्ता तैयार हो जाता है। ये देखकर भले ही आसान लग रहा है, लेकिन इसके पीछे इंजीनियरिंग का दिमाग और मैकेनिज्म की पावर है। आइए जानते हैं कि मोनोरेल अपने ट्रैक को कैसे बदलती हैं।
आखिर कैसे ट्रैक बदलती है मोनोरेल?
मोनोरेल का ट्रैक बदलना आम रेलवे के ट्रेन के ट्रैक बदलने से काफी अलग है, क्योंकि ये एक खास गाइड बीम पर चलती है। ऐसे में ट्रेन को दूसरी दिशा में भेजने के लिए ट्रैक के एक हिस्से को ही अपनी जगह बदलनी पड़ती है।चोंगकिंग मोनोरेल में इस्तेमाल होने वाले स्विचिंग मैकेनिज्म में ट्रैक का एक बड़ा बीम खिसककर दूसरे ट्रैक से जुड़ता है, जिससे ट्रेन के लिए नया रास्ता बन जाता है। ये पूरा सिस्टम ऑटोमेटिक होता है। इसके ऊपर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाती है।
कितना भारी होता है मोनोरेल का ट्रैक?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबकि चोंगकिंग के एक ट्रैक स्विचिंग सिस्टम का वजन करीब 120 टन तक हो सकता है। इसे चलाने के लिए भारी मोटर और खास मैकेनिकल सिस्टम की जरूरत होती है। ये काम पूरी सटीकता के साथ किया जाता है, जिससे ट्रैक दूसरे ट्रैक से पूरी तरह से जुड़ जाए। अगर ऐसा नहीं होगा, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
बता दें कि चीन का चोंगकिंग शहर अपनी अनोखी 'लिजीबा मोनोरेल' (Liziba Monorail) के लिए दुनिया भर में मशहूर है। यहां पर मोनोरेल एक 19-मंज़िला रिहायशी इमारत के 6वें से 8वें फ्लोर से होकर गुजरती है। रबर के पहियों पर चलने के कारण इससे इतना कम शोर और कंपन होता है कि इमारत में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं होती है और इससे यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ये किसी रोलर कोस्टर राइड जैसी होती है।
क्या भारत में भी चलती है मोनोरेल?
मुंबई में वडाला से चेंबूर और संत गाडगे महाराज चौक तक करीब 20 किलोमीटर का मोनोरेल कॉरिडोर बनाया गया है। हालांकि, मुंबई मोनोरेल की यात्री सेवाएं 20 सितंबर 2025 से तकनीकी अपग्रेड के लिए बंद हैं।