ICC T20 Ranking: वर्ल्ड कप जीत के बाद रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, ईशान किशन नंबर-2, जानें टॉप पर कौन

ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार रैंकिंग हासिल की है, जबकि गेंदबाजी रैंकिंग में भी कई दिलचस्प फेरबदल हुए हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड11 Mar 2026, 04:56 PM IST
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया का गदर, बल्लेबाजी में अभिषेक-ईशान की बादशाहत, संजू सैमसन किस पायदान पर?
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया का गदर, बल्लेबाजी में अभिषेक-ईशान की बादशाहत, संजू सैमसन किस पायदान पर?(AFP)

ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत ने आईसीसी (ICC) की ताजा रैंकिंग को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है। भारत अब न केवल मैदान पर चैंपियन है, बल्कि रैंकिंग के चार्ट्स पर भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना झंडा गाड़ दिया है। जहां एक तरफ भारतीय बल्लेबाजों ने रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है, वहीं गेंदबाजी रैंकिंग में एक ऐसा बदलाव सामने आया है जिसने कई फैंस को चौंका दिया।

बल्लेबाजी में 'ईशान-अभिषेक' का राज

भारतीय बल्लेबाजों ने इस वर्ल्ड कप में जिस तरह का गर्दा उड़ाया, उसका इनाम उन्हें रैंकिंग में मिला है। टीम इंडिया के युवा ओपनर ईशान किशन ने अपनी रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है। ईशान अब दुनिया के नंबर-2 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि नंबर-1 पर भी उनके ही साथी अभिषेक शर्मा का कब्जा है।

ईशान ने पूरे टूर्नामेंट में 9 मैचों में 317 रन कूटे, जिसमें पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ शानदार अर्धशतक शामिल थे। उनकी इस बल्लेबाजी का असर यह हुआ कि टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (383 रन) अब खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

टॉप 20 में शामिल भारतीय दिग्गज:

अभिषेक शर्मा: नंबर-1 (875 पॉइंट्स)

ईशान किशन: नंबर-2 (871 पॉइंट्स)

तिलक वर्मा: नंबर-7 (742 पॉइंट्स)

सूर्यकुमार यादव: नंबर-9 (722 पॉइंट्स)

संजू सैमसन का जबरदस्त प्रदर्शन

संजू सैमसन के लिए यह वर्ल्ड कप किसी सपने जैसा रहा। शुरुआत में उन्हें मौका नहीं मिला, लेकिन जब ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें उतारा गया, तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। संजू ने लगातार तीन बड़े मैचों (वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड) में 97, 89 और 89 रनों की पारियां खेलकर सबको अपना मुरीद बना लिया।

इसका नतीजा यह हुआ कि संजू रैंकिंग में 18 पायदान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके 637 रेटिंग पॉइंट्स उनके करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन स्कोर है। इसके अलावा ऑलराउंडर शिवम दुबे भी 4 पायदान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर आ गए हैं।

वरुण चक्रवर्ती के हाथ से फिसली नंबर-1 की कुर्सी

एक तरफ जहां बल्लेबाज जश्न मना रहे हैं, वहीं मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के लिए रैंकिंग के आंकड़े थोड़े कड़े रहे। पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लेने के बावजूद वरुण चक्रवर्ती को अपनी नंबर-1 की गद्दी गंवानी पड़ी। अब अफगानिस्तान के राशिद खान फिर से दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं।

हैरानी की बात यह है कि राशिद ने पिछले हफ्ते कोई मैच नहीं खेला, लेकिन रैंकिंग पॉइंट्स कैलकुलेशन और वरुण के इकोनॉमी रेट में आए उतार-चढ़ाव की वजह से वरुण अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

बुमराह और अक्षर पटेल की रैंकिंग में उछाल

भले ही वरुण नंबर-1 से हट गए हों, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने अपनी धाक जमाई है। पूरे टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी और 14 विकेटों की बदौलत बुमराह अब दुनिया के छठे नंबर के गेंदबाज बन गए हैं। वहीं, अक्षर पटेल ने 6 पायदानों की लंबी छलांग लगाकर 17वां स्थान हासिल कर लिया है।

भारत ने इसी महीने अहमदाबादमें न्यूजीलैंड को हराकर पहली बार अपनी जमीन पर वर्ल्ड कप जीतने का इतिहास रचा था। इस जीत ने न केवल फैंस को खुश किया है, बल्कि ईशान किशन और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को वह पहचान दिलाई है जिसके वे हकदार थे। भले ही तिलक वर्मा और कप्तान सूर्या की रैंकिंग में थोड़ी गिरावट आई हो, लेकिन टीम इंडिया का ओवरऑल दबदबा यह बताने के लिए काफी है कि वर्ल्ड क्रिकेट में अब 'इंडिया एरा' शुरू हो चुका है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सICC T20 Ranking: वर्ल्ड कप जीत के बाद रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, ईशान किशन नंबर-2, जानें टॉप पर कौन
More