
जब हर कोई भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की प्रशंसा कर रहा है, तब यादव ने टीम के एक साथी को राष्ट्रीय धरोहर बताया। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यावद ने जसप्रीत बुमराह को 'राष्ट्रीय धरोहर' करार दिया है। यह करिश्माई तेज गेंदबाज बुमराह के लिए सबसे उपयुक्त उपमा मानी जा सकती है।
भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से जीत दर्ज की और चैंपियनशिप अपने पास ही रखने में कामयाबी हासिल कर ली। सूर्यकुमार की टीम पुरुष क्रिकेट में लगातार विश्व टी20 खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई, साथ ही घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीतने वाली भी पहली टीम बनी।
सूर्यकुमार ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, 'बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं। मैं उन्हें राष्ट्रीय धरोहर कह सकता हूं। उन्हें पता है कि विकेट कैसे झटके जा सकते हैं। वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं।' बुमराह ने फाइनल में चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटककर शानदार गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड को 159 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई गणमान्य लोगों ने जीत के लिए टीम इंडिया को 'एक्स' पर बधाई दी। मुर्मू ने कहा कि भारत को एकमात्र ऐसा देश है जिसने तीन बार टी20 विश्व कप जीता है। साथ ही, यह एकमात्र ऐसी टीम है जिसने लगातार दो बार कप जीता है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम इंडिया की जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय टीम ने देश को जश्न मनाने का एक और अविस्मरणीय अवसर दिया है।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा कि भारत ट्रॉफी जीतने का हकदार था। उन्होंने कहा, 'टी20 प्रारूप में किसी भी टीम द्वारा पहली बार लगातार दो बार विश्व कप जीतना। पूरी तरह से ट्रॉफी के हकदार। हमारी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। बधाई टीम इंडिया। जय हिंद।' वहीं, महान क्रिकेटर विराट कोहली ने भी कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम का खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में हमारी टीम के धमाकेदार क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं।
वहीं, टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की तारीफ करते हुए कहा, 'सूर्या ने मेरा काम आसान कर दिया। वह पितातुल्य कप्तान की तरह है। बड़ा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है, उपलब्धियां नहीं। हमने कई साल तक उपलब्धियों का जश्न मनाया। मैं आप लोगों से आग्रह करूंगा कि निजी उपलब्धियों का जश्न मनाना छोड़ें।'
भारत के दबदबे को प्रतिद्वंदी टीमों ने भी स्वीकार किया जिनमें वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी शामिल हैं। सैमी ने कहा, 'मैंने पहले कहा था कि आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने के लिए आपको नॉकआउट मैच में भारत को हराना होगा। कोई टीम ऐसा नहीं कर सकी। बीसीसीआई को उनकी तीसरी विश्व कप टी20 ट्रॉफी के लिए बधाई। न्यूजीलैंड के लिए निराशाजनक जिन्हें हार का सामना करना पड़ा।'
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत को अन्य टीमों से कहीं बेहतर टी20 टीम बताया। उन्होंने कहा, 'भारत निश्चित रूप से सबसे बेहतरीन टी20 टीम है। साथ ही 50 ओवर में भी सबसे बेहतरीन टीम। उन्हें सफेद गेंद के क्रिकेट में रोक पाना आसान नहीं होगा। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में आप उन्हें चुनौती दे सकते हैं।'
वहीं अपनी खेल भावना के लिये मशहूर न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के चेहरे पर मायूसी थी लेकिन उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई। कीवी कप्तान मिचेल सेंटेनर ने यहां तक कहा कि उन्हें एक महान टीम ने हराया है। सेंटनेर ने मैच के बाद कहा, 'आज हमें एक महान टीम ने बेहतरीन दर्शकों के सामने हरा दिया।' उन्होंने कहा, ‘भारत को अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने के लिये बधाई। मुझे लगता है कि स्काय (सूर्यकुमार यादव) और टीम को अपने प्रदर्शन पर गर्व होगा।’
टी20 विश्वकप जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ को समर्पित की। गंभीर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'कोच टीम से बनता है। खिलाड़ियों ने मुझे वह कोच बनाया, जो मैं हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं यह ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करता हूं। राहुल भाई को भारतीय टीम को इस मुकाम तक लाने के लिए और लक्ष्मण को सीओई में खिलाड़ियों की पाइपलाइन बनाने के लिए।'
भारतीय टीम तीन बार टी20 विश्व कप (2007, 2024 और 2026) जीतने वाली पहली टीम बन गई। रविवार के फाइनल मैच ने स्ट्रीमिंग प्लैटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया और जब न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा तब एक साथ 74.5 करोड़ दर्शक इसे देख रहे थे। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की जो उसका तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.