
देश के कई हिस्सों में मानसून अब राहत से ज्यादा परेशानी की वजह बनता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। दिल्ली में बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के कई जिले बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत करीब 20 राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम बिगड़ सकता है। कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हालांकि भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी, लेकिन बारिश के कारण जलभराव, बिजली गिरने और बाढ़ जैसी दिक्कतें लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। ऐसे में IMD ने लोगों को मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पूर्वी भारत में लगातार नमी पहुंच रही है। वहीं मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
इसी कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम तेजी से बदलता रहेगा।
बारिश का असर केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में तेज बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और किसानों को बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है। कई शहरों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
IMD के मुताबिक 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और स्थानीय नुकसान की आशंका है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की सलाह मानने को कहा गया है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार को मौसम अचानक बदल सकता है। IMD ने येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के बाद उमस बढ़ सकती है, जबकि कई निचले इलाकों में पानी भरने और ट्रैफिक जाम की समस्या भी हो सकती है। लोगों को खुले स्थानों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बाराबंकी, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, हरदोई और रायबरेली समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। किसानों और आम लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बिहार में इस समय सबसे बड़ी चिंता आकाशीय बिजली है। पटना, गया, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, नालंदा, लखीसराय, अरवल, रोहतास, भोजपुर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में पानी भर सकता है। लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से झारखंड में 11 से 13 जुलाई तक लगातार बारिश हो सकती है। रांची, दुमका, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़, गुमला, पलामू और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। यहां 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। कोलकाता, हावड़ा, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, हुगली, दार्जिलिंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना है। तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना कम है। हालांकि कोटा, अजमेर, जोधपुर, बूंदी, करौली, सीकर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बारां में तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में उमस बनी रह सकती है।
कम दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय रहेगा। इंदौर, भोपाल, दमोह, मंडला, नरसिंहपुर, हर्दा, रायसेन, शहडोल, उमरिया, धार और ग्वालियर सहित कई जिलों में भारी बारिश और 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कई जगहों पर नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं।
पंजाब में 11 और 12 जुलाई को मानसून सक्रिय रहेगा। अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, जालंधर, गुरदासपुर, होशियारपुर, संगरूर और फाजिल्का में भारी बारिश के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा और हरिद्वार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और सोलन में भी भारी बारिश का अनुमान है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कई पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और रास्ते बंद होने की संभावना बनी हुई है।
अगले 48 घंटों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी घाट के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.