Shilpa Shetty News: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। आज गुरुवार को आयकर विभाग ने उनके मुंबई वाले घर पर छापेमारी की। ये कार्रवाई बैस्टियन रेस्टोरेंट से जुड़े वित्तीय लेन-देन और टैक्स अनियमितताओं की जांच के तहत हुई है।
सूत्रों के अनुसार अभी भी आयकर विभाग की टीम शिल्पा शेट्टी के घर के अंदर मौजूद है और दस्तावेजों की जांच कर रही है।आयकर विभाग की एक टीम ने बुधवार को बेंगलुरु में उनके ‘बैस्टियन’ पब पर छापेमारी की थी। ये पब सेंट मार्क्स रोड पर है और शहर के सबसे महंगे पब्स में गिना जाता है।
टैक्स चोरी की मिली शिकायत
आयकर विभाग ने ये कार्रवाई टैक्स चोरी के आरोपों की जांच के तहत की है। दरअसल पब के संचालन से जुड़े आयकर भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। उसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग छापेमारी कर रही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले रेस्तरां बैस्टियन पर तय समय से ज्यादा देर तक खुलने का मामला दर्ज हुआ था। आरोप है यहां पर देर रात तक पार्टियां चलती रहती है।
देर रात तक खुला रहता है ये पब
इस मामले में पुलिस ने बताया कि 11 दिसंबर को सेंट मार्क्स रोड पर स्थित इस रेस्तरां को नियम तोड़ते हुए पाया गया। देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस ने वहां छापेमारी की और देखा कि रेस्तरां का मैनेजर सरकार द्वारा तय समय से ज्यादा देर तक उसे चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने रेस्तरां के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ कब्बन पार्क थाने में कर्नाटक पुलिस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया।
मुंबई वाले घर पर रेड से पहले शिल्पा शेट्टी ने सभी आरोपों से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि जांच में पूरा सहयोग करने के बाद, हमें पूरा भरोसा है कि न्याय मिलेगा और हमें अपने देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है। हम मीडिया से सम्मानपूर्वक आग्रह करते हैं कि इस मामले में संयम बरतें क्योंकि मामला अभी कोर्ट में है।