Ind vs Eng 4th T20: इंग्लैंड ने भारत को चौथे T20 में गुरूवार को 9 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त बना ली। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद फिल साल्ट (नाबाद 59) और कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 79) के बेहतरीन अर्धशतकों ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की नॉटआउट 80 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की मदद से 7 विकेट पर 158 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, लेकिन इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में एक विकेट पर 159 रन बनाकर मुकाबला एकतरफा अंदाज में निपटा दिया।
लगातार दूसरी T20 सीरीज हारी भारतीय टीम
150 से अधिक रनों के चेज में यह इंग्लैंड की तरफ से दूसरा सबसे तेज रन चेज है। सीरीज भी भारतीय टीम हार चुकी है। कप्तान श्रेयस का अपनी पहली जीत का इंतजार जारी रहेगा। साल 2018-19 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब भारतीय टीम लगातार 2 टी 20 सीरीज हारी है। इस मैच की बात करें, तो भारतीय टीम जब बल्लेबाजी कर रही थी तो इंग्लैंड के गेंदबाजो ने शॉर्ट और बैक ऑफ लेंथ गेंदों से बल्लेबाजो को काफी परेशान किया।
साल्ट-ब्रूक की आतिशी बल्लेबाजी से जीता इंग्लैंड
इसके साथ ही स्पिनरों ने भी कमाल की गेंदबाजी की। ऐसा लगा कि पिच काफी धीमी है। लेकिन भारतीय गेंदबाज पिच और परिस्थितियों के अनुरूप अच्छी गेंदबाजी करने में सफल नहीं हुए। साथ ही सॉल्ट और ब्रूक ने जिस तरह की बल्लेबाजी की, वह तारीफ काबिल है। साल्ट ने 42 गेंदों की पारी में 9 चौके और 1 छक्का लगाया, जबकि ब्रूक ने 35 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के लगाए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेली जुझारू पारी
इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही। उसने 48 रन तक जाते-जाते अपने टॉप तीन बल्लेबाज गंवा दिए। वैभव सूर्यवंशी 15, ईशान किशन 4 और अभिषेक शर्मा 16 रन बनाकर आउट हुए , लेकिन अय्यर ने इसके बाद कप्तानी की जिम्मेदारी से खेलते हुए 49 गेंदों में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली और भारत को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। हालांकि, भारत निश्चित रूप से अच्छे स्कोर से काफी पीछे रहा।
औसत स्कोर से पीछे रहा भारत
2025 से इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 166 रहा है। यह कहना सही होगा कि भारत का स्कोर उम्मीद से कम रहा। मेजबान टीम की ओर से एक और शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन देखने को मिला। पावरप्ले में हार्ड लेंथ वाली गेंदों ने कमाल किया, जोफ्रा आर्चर ने एक बार फिर वैभव को आउट किया और ईशान किशन, जोश टंग का शिकार बने।
डेथ ओवरों में इंग्लैंड ने कसी हुई गेंदबाजी
आदिल राशिद ने अपने पहले ही ओवर में अभिषेक को आउट कर दिया। भारत के टॉप तीन बल्लेबाज - जो सभी बाएं हाथ के थे - 'क्रॉस-द-लाइन' शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे (22) ने पचास रनों की साझेदारी की, लेकिन उनके स्कोरिंग रेट से इंग्लैंड को ज़्यादा परेशानी नहीं हुई। तिलक वर्मा 11 रन बनाकर आउट हुए। वाशिंगटन सुन्दर पांच और अक्षर पटेल एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान श्रेयस ने 18वें ओवर में आदिल राशिद की गेंदों पर 6, 4 और 6 रन जड़कर उन पर दबाव बनाया। लेकिन आखिरी दो ओवरों में इंग्लैंड का प्रदर्शन फिर से बेहतरीन रहा - कोई बाउंड्री नहीं, 8 रन और 2 विकेट - क्योंकि उन्होंने अपनी गेंदबाजी में बदलावों का बखूबी इस्तेमाल किया।