India Pakistan U19 Asia Cup: एशिया कप अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा खास माना जाता है। रविवार को आईसीसी अकादमी मैदान पर खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराया। लेकिन इस जीत से ज्यादा चर्चा हाथ मिलाने की नीति को लेकर रही, जिसे भारतीय टीम ने बरकरार रखा।
टॉस पर भी अनदेखी
रविवार को खेले गए इस मुकाबले से पहले टॉस के दौरान ही माहौल अलग नजर आया। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने आईसीसी अकादमी मैदान पर एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया और बिना किसी औपचारिकता के टॉस प्रक्रिया पूरी की।
भारत की दमदार जीत
मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 240 रन बनाए। जवाब में 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 41.2 ओवर में 150 रन पर ही सिमट गई। इस तरह भारतीय अंडर-19 टीम ने मुकाबला 90 रन से अपने नाम कर लिया।
मैच खत्म होने के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया। भारतीय खिलाड़ियों ने अंपायरों से हाथ मिलाया और सीधे मैदान से बाहर चले गए। यह साफ तौर पर भारत की पहले से चली आ रही नीति को दर्शाता है।
टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत
भारत और पाकिस्तान दोनों ने एशिया कप अंडर-19 में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को 234 रन से हराया था, जहां वैभव सूर्यवंशी ने 95 गेंदों में 171 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। वहीं पाकिस्तान ने भी अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 297 रन से मात दी थी। ऐसे में दोनों टीमें जीत की लय के साथ इस मुकाबले में उतरी थीं, लेकिन मैदान पर बाजी भारत ने मारी।