देश में मूसलाधार बारिश का कहर, दिल्ली में डूबी सड़कें, सूरत-पुणे में मौत का आंकड़ा बढ़ा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

 Aaj Ka Mausam 10 July 2026: मौसम विभाग ने दिल्ली-यूपी में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि हिमाचल-अरुणाचल में बाढ़ व भूस्खलन से भारी तबाही मच हुई है। वहीं, सूरत और पुणे हादसों में मौतों का आंकड़ा बढ़ा गया है। 

Shivam Shukla( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड10 Jul 2026, 07:31 AM IST
Weather News: देश में मूसलाधार बारिश का कहर,  दिल्ली में डूबी सड़कें, सूरत-पुणे में मौत का आंकड़ा बढ़ा
Weather News: देश में मूसलाधार बारिश का कहर, दिल्ली में डूबी सड़कें, सूरत-पुणे में मौत का आंकड़ा बढ़ा

Aaj Ka Mausam 10 July 2026: देश के कई हिस्सों में गुरुवार को मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए, संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। देशभर में बारिश से जुड़ी कई घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान 10 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। अधिक बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटा रहा। कई शहरों के रिहायशी इलाकों में लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि प्रमुख सड़कों और हाईवे पर यातायात बेहद धीमी रफ्तार से चलता रहा।

पहाड़ों में पुल बहा, दिल्ली में 2023 के बाद सबसे साफ हवा

अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। किन्नौर में नदी का जलस्तर बढ़ने से 100 फुट लंबा लोहे का पुल पानी में डूब गया। दिल्ली में लगातार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया, पेड़ उखड़ गए और कई जगहों पर भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई। तेज बारिश के कारण दिल्ली की हवा भी सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ महसूस की गई। शहर के कुछ हिस्सों में 160 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक बारिश हुई।

सूरत में बाढ़ से 17 की मौत, पुणे में मलबे से शव बरामद

बुधवार को भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए सूरत में बाढ़ का पानी गुरुवार को धीरे-धीरे उतरने लगा। शहर से 6 अन्य शव बरामद किए गए, जिससे पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शहर की स्थिति का जायजा लेने के लिए सूरत का दौरा किया। वहीं, महाराष्ट्र में पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ में उस जगह पर बचाव कार्य गुरुवार को भी जारी रहा, जहां एक दिन पहले भारी बारिश के कारण कचरे से बिजली पैदा करने वाले संयंत्र में कूड़े का बड़ा ढेर ढहने से एक इमारत गिर गई थी। गुरुवार को इमारत के मलबे से एक शव बरामद किया गया, जबकि लगभग आठ लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है। अब तक 9 लोगों को बचाया जा चुका है।

यूपी के इन जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जिसमें राज्य भर में मानसून की गतिविधि तेज होने के कारण अगले 24 घंटों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया। वहीं, बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 7 लोगों की मौत की खबर है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र-लखनऊ के मुताबिक, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है।

अरुणाचल में मौसम विभाग का रेड अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश के 6 जिलों में आई बाढ़ और भूस्खलन से घरों, सड़कों व फसलों को नुकसान पहुंचा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने गुरुवार शाम को जारी बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान केयी पन्योर, अपर सियांग, तिरप, चांगलांग, पापुम पारे और अपर सुबनसिरी जिलों में बाढ़ आई व भूस्खलन की घटनाएं हुईं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बृहस्पतिवार के लिए शि योमी, सियांग, ईस्ट सियांग, लोअर दिबांग वैली, लोहित और लोंगडिंग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सदेश में मूसलाधार बारिश का कहर, दिल्ली में डूबी सड़कें, सूरत-पुणे में मौत का आंकड़ा बढ़ा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
More