कोहरे की चादर में लिपटा इकाना स्टेडियम, रद्द हुआ भारत-साउथ अफ्रीका T-20 मुकाबला

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच घने कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया। शाम 7.30 बजे विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण अंपायरों ने खेल रोका। उसके बाद लगातार छह निरीक्षणों के बावजूद हालात में सुधार न होने पर अंपायरों ने मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया।

Rishabh Shukla
अपडेटेड17 Dec 2025, 09:25 PM IST
घने कोहरे के कारण भारत-साउथ अफ्रीका T-20 मुकाबला रद्द
घने कोहरे के कारण भारत-साउथ अफ्रीका T-20 मुकाबला रद्द(Social Media)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेले जाने वाला चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। घने कोहरे के कारण न तो टॉस हो सका और न ही खेल शुरू करने की स्थिति बन पाई। यह मैच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होना था, लेकिन घने कोहरे ने मुकाबले पर पानी फेर दिया। मैच का टॉस शाम 6:30 बजे निर्धारित था, लेकिन उस समय मैदान और उसके आसपास दृश्यता बेहद कम थी। हालात का जायजा लेने के लिए अंपायरों ने पहला निरीक्षण शाम 6:50 बजे किया, मगर कोहरे की मोटी परत के चलते कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। इसके बाद लगातार कई बार मैदान की स्थिति का आकलन किया गया, लेकिन दृश्यता में कोई सुधार नहीं हुआ।

छह बार निरीक्षण के बाद मैच रद्द का फैसला

अंपायरों ने दूसरा निरीक्षण शाम 7:30 बजे, तीसरा रात 8:00 बजे और चौथा निरीक्षण रात 8:30 बजे किया। हर बार यही निष्कर्ष सामने आया कि मैदान पर खेल कराना खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं होगा। इसके बाद भी उम्मीद बनाए रखते हुए रात 9:00 बजे और फिर 9:25 बजे छठी बार मैदान का निरीक्षण किया गया, लेकिन कोहरा जस का तस बना रहा। लगातार छह निरीक्षणों के बावजूद हालात में सुधार न होने के कारण अंपायरों ने आखिरकार मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया।

सीरीज में 2-1 से आगे है टीम इंडिया

घने कोहरे की वजह से फील्डर्स के लिए गेंद को देख पाना बेहद मुश्किल था, जिससे चोट का खतरा बना हुआ था। खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। टीम इंडिया फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है और उसके पास आज सीरीज जीतने का सुनहरा मौका था। लेकिन घने कोहरे के चलते मैच रद्द कर दिया गया। अब सीरीज कब्जाने के लिए भारत को अहमदाबाद में हाेने वाले आखिरी मैच को जीतना होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका के पास सीरीज बराबर करने का मौका होगा।

मैच रद्द होने से मायूस हुए फैंस

मैच रद्द होने से स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को निराशा हाथ लगी, जो लंबे इंतजार के बाद भी क्रिकेट का रोमांच नहीं देख सके। हालांकि मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अंपायरों का फैसला पूरी तरह सुरक्षा के अनुरूप माना जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में बहुत घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इसके अलावा राज्य के 27 जिलों में येलो अलर्ट भी लागू है। लखनऊ में दिसंबर में पहली बार टी20 मैच की मेजबानी हो रही थी।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकोहरे की चादर में लिपटा इकाना स्टेडियम, रद्द हुआ भारत-साउथ अफ्रीका T-20 मुकाबला
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकोहरे की चादर में लिपटा इकाना स्टेडियम, रद्द हुआ भारत-साउथ अफ्रीका T-20 मुकाबला