
बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों (IVAC) का बंद रहना दूसरे दिन भी जारी रहा। सुरक्षा कारणों से राजशाही और खुलना स्थित IVAC को 18 दिसंबर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। भारतीय स्टेट बैंक, जो बांग्लादेश में वीजा आवेदन लेने वाली एकमात्र अधिकृत एजेंसी है, ने स्पष्ट किया कि जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट थी, उन्हें बाद की तारीख दी जाएगी।
वीजा केंद्रों को बंद करने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब ढाका में भारतीय उच्चायोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। जुलाई ओइक्या बैनर के साथ प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारे लगाए और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की। हालात को देखते हुए भारत ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद रियाज हामिदुल्लाह को तलब कर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से राजनयिक दायित्वों के तहत भारतीय मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। मंत्रालय ने बांग्लादेश में हालिया घटनाओं को लेकर चरमपंथी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को सिरे से खारिज किया और दोहराया कि भारत बांग्लादेश में शांति, स्थिरता और निष्पक्ष चुनावों का समर्थक है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में भारत के कुल 16 वीजा आवेदन केंद्र हैं, जो हर साल करीब 22 लाख वीजा आवेदनों को प्रोसेस करते हैं। इससे पहले ढाका के जमुना फ्यूचर पार्क स्थित IVAC को भी आंशिक रूप से बंद किया गया था। लगातार बंदी से यात्रियों, छात्रों और चिकित्सा वीजा आवेदकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.