IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सम्मानजनक स्कोर बनाया, लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में बराबरी कर ली।
न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हराया
क्रिस्टियन क्लार्क के तीन विकेट के बाद डैरिल मिचेल (नाबाद 131) और विल यंग (87) की बेहतरीन पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने बुधवार को दूसरे वनडे में भारत को सात विकेट से हराया। न्यूजीलैंड ने 47.3 ओवर में तीन विकेट पर 286 रन बनाकर मैच अपने नाम किया और सीरीज 1-1 से बराबर कर दी।
शुरुआती झटके, फिर संभली पारी
285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 22 रन पर ही डेवोन कॉन्वे का विकेट गंवा दिया, जिन्हें हर्षित राणा ने बोल्ड किया। इसके बाद 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने हेनरी निकल्स (12) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई।
मिचेल-यंग की पार्टनरशिप ने दिलाई जीत
इसके बाद विल यंग और डैरिल मिचेल ने तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की बड़ी साझेदारी कर दी। इस जोड़ी ने भारत की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। 38वें ओवर में कुलदीप यादव ने विल यंग को आउट कर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन तब तक मैच न्यूजीलैंड के पक्ष में जा चुका था।
विल यंग ने 98 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 87 रन बनाए, जबकि डैरिल मिचेल 117 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों के साथ नाबाद 131 रन बनाकर लौटे। ग्लेन फिलिप्स 32 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ने 47.3 ओवर में 3 विकेट पर 286 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एक-एक विकेट ही मिल सका
भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला, लेकिन बड़े साझेदारी को तोड़ने में गेंदबाज कामयाब नहीं हो सके।
राहुल का शतक, गिल का अर्धशतक
इससे पहले भारत ने सात विकेट पर 284 रन बनाए थे। केएल राहुल ने पांचवें नंबर पर उतरकर 92 गेंदों में नाबाद 112 रन की शानदार पारी खेली, जो उनके वनडे करियर का आठवां शतक रहा। कप्तान शुभमन गिल ने भी 56 रनों की अहम पारी खेली।
राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ 88 गेंदों में 73 रन, नीतीश कुमार रेड्डी के साथ 49 गेंदों में 57 रन और मोहम्मद सिराज के साथ 16 गेंदों में 28 रन की साझेदारी कर भारत के स्कोर को मजबूती पर पहुंचाया।
अच्छी शुरुआत, फिर झटके
आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी शुभमन गिल और रोहित शर्मा की भारतीय सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 70 जोड़े। 13वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क ने रोहित शर्मा को आउटकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए। 17वें ओवर में काइल जेमीसन ने शुभमन गिल को आउटकर भारत को बड़ा झटका दिया। शुभमन गिल ने 53 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का उड़ाते हुए (56) रनों की पारी खेली।
इसके बाद श्रेयस अय्यर और विराट कोहली को भी क्लार्क ने अपना शिकार बना लिया। विराट ने 29 गेंदों में दो चौकों की मदद से 23 रन बनाये। जबकि अय्यर ने 17 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुये। जल्द ही दो विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी भारतीय टीम को केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें के लिए 73 रन जोड़े। 39वें ओवर में माइकल ब्रेसवेल ने रवींद्र जडेजा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। रवींद्र जडेजा ने 44 गेंदों में 27 रन बनाये। नीतीश कुमार रेड्डी 21 गेंदों में 20 रन बनाकर और हर्षित राणा दो रन बनाकर आउट हुए।
क्लार्क रहे सबसे असरदार
न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टियन क्लार्क ने तीन विकेट झटके। काइल जेमीसन, जैकरी फॉक्स, जेडेन लेनॉक्स और माइकल ब्रेसवेल को एक-एक सफलता मिली।