पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर आमने-सामने होने वाली हैं लेकिन बारिश के कारण मुकाबला तय समय पर शुरू नहीं हो सका। आउटफील्ड गीली होने की वजह से टॉस सुबह 10 बजे नहीं हो पाया। भारतीय टीम मैदान पर पहुंच चुकी है और खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। पिच को तैयार किया जा रहा है लेकिन मैच का कट-ऑफ टाइम 3:32 बजे है। यदि इस समय तक खेल शुरू नहीं होता है, तो मुकाबला रद्द कर दिया जाएगा।
मैच रद्द होने पर फाइनल में इंडिया
अगर भारत-श्रीलंका सेमीफाइनल बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो टूर्नामेंट नियमों के अनुसार भारत फाइनल में प्रवेश कर जाएगा। भारत ने ग्रुप स्टेज में 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि श्रीलंका के खाते में 4 अंक रहे थे और वह दूसरे स्थान पर रही थी। इसी तरह दूसरे सेमीफाइनल के रद्द होने की स्थिति में बांग्लादेश को फाइनल में जगह मिलेगी, क्योंकि उसने अपने ग्रुप में टॉप किया है। साथ ही यह तय है कि यदि मैच होता है तो पूरे 50 ओवर का नहीं होगा।
टूर्नामेंट में अपराजेय रहा है भारत
इस टूर्नामेंट में भारतीय अंडर-19 टीम अब तक अपराजेय रही है। टीम ने यूएई, पाकिस्तान और मलेशिया को हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने दो मुकाबलों में 400 से अधिक रन बनाने का कारनामा किया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, अभिज्ञान कुंडू और वेदांत त्रिवेदी ने खासा प्रभाव छोड़ा है। वैभव ने यूएई के खिलाफ 171 रन की पारी खेली, जबकि अभिज्ञान ने मलेशिया के खिलाफ नाबाद 209 रन ठोके। सेमीफाइनल में भी इन दोनों से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जबकि कप्तान आयुष महात्रे की फॉर्म टीम के लिए चिंता बनी हुई है।
U19 टीमें
भारत- आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, युवराज गोहिल, उधव मोहन, नमन पुष्पक, हरवंश पंगालिया
श्रीलंका- विमथ दिनसारा (कप्तान), दिमांथा महाविथाना, विरान चामुदिथ, किथमा विथानापथिराना, कविजा गमागे, चमिका हीनातिगाला, दुलनीथ सीगेरा, आधम हिलमी (विकेटकीपर), सेठमीका सेनेविरत्ने, रसिथ निमसारा, थरूश नवोदय, मथुलन कुगाथस, विग्नेश्वरन अकाश, थरुश नेथसरा, सनूजा निंदुवाड़ा