Diwali-Chhath Special Trains: दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के समय ट्रेनें हमेशा खचाखच भरी रहती हैं। इस मौके पर बिहार और उत्तर भारत की ओर बडी़ संख्या में लोग सफर करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने इस बार बड़ी तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि इस बार त्योहारों के दौरान 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। मंत्री ने कहा कि पिछले साल हमने 7,500 विशेष ट्रेनें चलाई थीं। इस साल हमने अपनी क्षमता बढ़ाई है और 12,000 विशेष ट्रेनों का लक्ष्य रखा है। इतनी बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेन से चलाने से लोगों को घर आने-जाने में आसानी होगी।
वैष्णव ने कहा कि आज तक लगभग 10,000 विशेष ट्रेनों का नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बाकी ट्रेनों की घोषणा मांग के अनुसार बढ़ाई जाएंगी। इनमें से 150 ट्रेनें पूरी तरह से अनारक्षित (अनरिजर्व्ड) होंगी। जररूत पड़ने पर इन ट्रेनों को फौरन चालू कर दिया जाएगा।
1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
नई स्पेशल ट्रेनें 1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलाई जाएंगी। बता दें कि इस बार दिवाली 20 अक्टूबर और छठ पर्व 25-28 अक्टूबर को पड़ रहा है। रेलवे के नियम के अनुसार 60 दिन पहले कई रूटों पर चलने वाली ट्रेनों के लिए रिजर्वेशन विंडो खुल गई है। फिलहाल IRCTC और RailOne जैसे ट्रेन टिकट बुकिंग प्लेटफार्म पर नजर डालेंगे तो किसी यूपी- बिहार की ओर जाने वाली किसी भी ट्रेन में सीटें खाली नजर नहीं आएंगी। एक-दो ट्रेनों में होंगी भी तो वो आम लोगों के बजट में फिट नहीं बैठेगी। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों का ऐलान उन लोगों के लिए राहतभरी उम्मीद लेकर आएगी।
जल्द दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
रेलवे नेटवर्क के परफॉरमेंस पर वैष्णव ने कहा कि हमने देश भर के 70 में से 29 डिवीजनों में 90% से अधिक समय की पाबंदी हासिल कर ली है। ये एक बड़ा सुधार है और हमारे ऑपरेशन की एफिशिएंसी को दर्शाता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के बारे में मंत्री ने बताया कि प्रोटोटाइप का पूरी तरह से टेस्ट हो चुका है। ये परिचालन के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘हम एक साथ दो रेक से शुरुआत करेंगे। पहला रेक पहले ही तैयार है और दूसरा 15 अक्टूबर तक आ जाएगा।’
सिर्फ आधार लिंक IRCTC अकाउंट वालों को ही मिलेगा टिकट
ट्रेन सफर की प्लानिंग कर लोगों के लिए ध्यान देने वाली बात है कि 1 अक्टूबर से रिजर्वेशन टिकट बुकिंग के नियम में फिर से बड़ा बदलाव करने वाला है। इस तारीख से किसी भी ट्रेन में स्लीपर, एससी और अन्य ऑनलाइन रिजर्व ट्रेन टिकट सिर्फ आधार लिंक्ड आईआरसीटीसी अकाउंट (Aadhaar Linked IRCTC Account) वाले ही बुक कर सकेंगे। बुकिंग शुरू होने पर पहले 15 मिनट में सिर्फ ऐसे यूजर को ऑनलाइन टिकट बुकिंग की अनुमति होगी। फिलहाल यह नियम सिर्फ तत्काल टिकट (Tatkal Booking) बकिंग पर लागू है, जो 1 जुलाई 2025 से जारी है।