Indian Railways OBHS Service: देश में रोजाना करोड़ों लोग ट्रेन में सफर करते हैं। कुछ यात्रियों का सफर छोटा होता है, तो कुछ का दो- दो दिनों का होता है। ऐसे में लंबी दूरी के सफर में यात्रियों की सबसे ज्यादा शिकायत गंदे टॉयलेट या कोच की होती है। हालांकि अब भारतीय रेलवे ने इस समस्या का हल भी खोज निकाला है।भारतीय रेलवे ने ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) का दायरा बढ़ा दिया है। अब यात्री चलती ट्रेन में हाउसकीपिंग स्टाफ को बुलाकर अपनी शिकायत बता सकते हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में यात्री ने रेलवे की इस सुविधा को परखने के लिए सफाई की शिकायत दर्ज करवाई थी। यात्री के शिकायत के कुछ मिनट बाद ही हाउसकीपिंग स्टाफ उसकी सीट पर पहुंच गया और सफाई शुरू कर दी, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है।
कैसे काम करती है ये सुविधा?
भारतीय रेलवे की ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस यात्रियों को साफ-सुथरा माहौल देने के लिए है। यदि किसी कोच का फर्श गंदा हो जाए, टॉयलेट की सफाई की जरूरत हो या कूड़ा जमा हो जाए, तो यात्री अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत के चंद मिनटों बाद ही रेलवे का कर्मचारी वहां पर पहुंचकर कोच को साफ कर देगा।
कितने बजे से मिलेगी ये सविधा?
रेल में ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस की सुविधा सुबह 6 बजे से 9 बजे और शाम को 8 बजे से 10 बजे तक मिलेगी। इस दौरान हर दो घंटे पर टॉयलेट को साफ किया जाएगा और साबुन जैसी चीजों की रिफिलिंग की जाएगी। इसके अलावा कोच के डस्टबिन भरने पर उसमें नए बैग लगाए जाएंगे।
बता दें किऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस कोई बिल्कुल नई योजना नहीं है। रेलवे कई वर्षों से इसे चरणबद्ध तरीके से लागू कर रहा है। समय के साथ इसमें शामिल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है । अब रेलवे का फोकस ज्यादा से ज्यादा ट्रेनों में यह सुविधा उपलब्ध कराने पर है ताकि अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।सोशल मीडिया पर, जिस ट्रेन का वीडियो वायरल हुआ है। वो 12428 आनंद बिहार-रीवा एक्सप्रेस का है।