Vande Bharat: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 21896) में घटिया भोजन और 'कीड़े वाले दही' की शिकायत पर रेलवे ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाते हुए IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वंदे भारत ट्रेन में यात्री के खाने में दही परोसा गया। इस दही में कीड़े निकले थे। ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। इसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि दही में कीड़े चल रहे हैं। रेलवे ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट को समाप्त करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
जानिए पूरा मामला
वंदे भारत ट्रेन में दही में कीड़े का मामला 15 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। भारतीय रेलवे की X पोस्ट की जानकारी के मुताबकि, ट्रेन संख्या 21896 (पटना - टाटानगर वंदेभारत एक्सप्रेस) में ये घटना घटी। रेल यात्री रितेश कुमार को परोसे गए दही में कीड़े तैरते नजर आए। वहीं रितेश ने बताया कि पूरी प्लेट में कीड़े हैं।
वंदे भारत में खाने की गुणवत्ता पर उठे सवाल
रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही या मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय रेलवे अपने विशाल नेटवर्क के जरिए हर दिन लाखों यात्रियों को सेवाएं प्रदान करता है। IRCTC के माध्यम से रोजाना 15 लाख से अधिक यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यह दुनिया के सबसे बड़े ऑनबोर्ड फूड ऑपरेशनों में से एक माना जाता है।
पैक दही को खाने से पहले एक्सपायरी डेट चेक करें
किसी भी पैक चीज पर एक्सपायरी डेट लिखी होती है। आपको खाने वाली चीजों की एक्सपायरी डेट को सबसे पहले चेक करना चाहिए। अगर वो मिट गया है या नहीं दिख रहा है तो पैकेट को वापस करना चाहिए।