India US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अब भारत ने लक्ष्मण रेखी खींच दी है। सूत्रों के अनुसार,भारत ने ट्रेड डील पर साफ कर दिया है कि अमेरिका के साथ हो रही इस ट्रेड डील में किसानों के साथ कोई समझौता नहीं होगा। इसके साथ ही भारत को जहां तेल का भाव अच्छा मिलेगा, वहां से देश की जनता के हित में भारत तेल खरीदता रहेगा।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि अमेरिका से साथ हो रही इस डील में भारत ने भी कुछ शर्ते रखी हैं। भारत सरकार अपने देशवासियों के हित में कोई समझौता नहीं करेगी। कृषि, डेयरी के संवेदनशील सेक्टर प्रोटेक्टेड थे, प्रोटोक्टेड हैं और प्रोट्क्टेड रहेंगे। दूध, घी, पनीर जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स पर अमेरिका को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। ये किसानों की रोजी-रोटी है,इसलिए इसपर कोई समझौता नहीं होगा।
बता दें कि अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच हुई बातचीत के बाद की गयी व्यापार संबंधी घोषणा का मंगलवार को स्वागत किया।
दोनों नेताओं ने सोमवार देर रात भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। घोषणा के तहत भारत पर लगाये जाने वाले पारस्परिक आयात शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किये जाने का प्रावधान है, जिसे दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहला कदम माना जा रहा है।