Indigo Flight Refund: इंडिगो की उड़ानों में पिछले दो दिनों से चल रही भारी गड़बड़ी ने यात्रियों को काफी परेशान किया है। कई लोग घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे, कई की प्लानिंग पूरी तरह बिगड़ गई। बढ़ती नाराजगी को देखते हुए अब इंडिगो एयरलाइन्स ने साफ कहा है कि जिन्हें भी 15 दिसंबर तक का टिकट रद्द करना है, उन्हें पूरा पैसा वापस मिलेगा बिना किसी तरह की कटौती के।
टिकट कैंसिल होने पर मिलेगा फुल रिफंड
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए यात्रियों से माफी मांगी है। कंपनी का कहना है कि 5 दिसंबर से 15 दिसंबर तक की यात्रा वाले टिकट अगर कोई रद्द करता है, तो पूरी रकम उसी अकाउंट में वापस भेज दी जाएगी, जिससे भुगतान किया गया था। इसके अलावा, अगर कोई अपनी ट्रैवल डेट या टाइम बदलना चाहता है, तो उसके लिए भी कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह कदम उन हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है, जिनकी यात्रा अचानक रद्द हो गई थी।
एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों के लिए खाने और आराम की व्यवस्था
कंपनी ने बताया है कि जो लोग एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। साथ ही, सीनियर सिटीजन्स के लिए स्पेशल वेटिंग लाउंज भी बनाया गया है, ताकि उन्हें अतिरिक्त परेशानी न झेलनी पड़े।
शुक्रवार आधी रात तक दिल्ली हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रद्द
एयरलाइन ने शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे से जाने वाली अपनी सभी घरेलू उड़ानों को आधी रात तक के लिए रद्द कर दिया है। एयरलाइन महत्वपूर्ण परिचालन बाधाओं से जूझ रही है। इंडिगो ने बयान जारी कर पुष्टि की कि उसने शुक्रवार रात 11.59 बजे तक दिल्ली एयरपोर्ट (डीईएल) से जाने वाली सभी घरेलू उड़ानें रद्द कर दी हैं। इस बीच सूत्रों के अनुसार, इंडिगो ने शुक्रवार शाम छह बजे तक चेन्नई हवाई अड्डे से जाने वाली अपनी सभी उड़ानें भी रद्द कर दी हैं।
दो दिनों में कई उड़ानें रद्द
इंडिगो की दिक्कतें कितनी बड़ी थीं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को देशभर में कई फ्लाइट्स रद्द की गईं। केवल दिल्ली एयरपोर्ट से ही 225 उड़ानें (135 प्रस्थान और 90 आगमन) रद्द हुईं। इससे पहले गुरुवार को करीब 400 उड़ानें रद्द हुई थीं।
देशभर में हजारों लोग अपनी फ्लाइट का इंतजार करते हुए एयरपोर्ट पर ही अटके रहे, और सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़ आ गई।