Indigo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पर संकट गहराता जा रहा है। आज भी कई जगहों पर विमानों को रद्द कर दिया गया है। इसी बीच सरकार इंडिगो पर बड़ा एक्शन लेने की तैयारी कर रही है। TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार सरकार इंडिगो के विमानों की संख्या में कटौती करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सरकार इंडिगो की रोजाना के 110 फ्लाइट की कटौती करने वाली है, इन फ्लाइटों के स्लॉट को दूसरी एयरलाइंस को दिया जा सकता है।
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि सरकार इंडिगो के शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम में कटौती करेगी और विमानन कंपनी के हालिया बड़े पैमाने पर परिचालन व्यवधानों के बाद उन्हें अन्य संचालकों को आवंटित करेगी।राम मोहन नायडू ने दूरदर्शन समाचार चैनल से कहा कि हम इंडिगो के मार्ग को कम करेंगे। वे अभी 2,200 उड़ानें संचालित कर रहे हैं। हम उन्हें निश्चित रूप से कम करेंगे।
सभी को मिल गया रिफंड
मंत्री नायडू ने ये भी बताया कि एक से आठ दिसंबर (शाम पांच बजे तक) तक रद्द किए गए 7,30,655 पीएनआर के लिए 745 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।उन्होंने बताया कि इसके अलावा 9,000 यात्रियों के बैगों में से 6,000 वापस किए जा चुके हैं और शेष बैग आज रात या मंगलवार सुबह तक दे दिए जाएंगे।
200 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल
इंडियो के फ्लाइट कैंसिलेशन का सिलसिला आज भी जारी है। आठवें दिन भी एयरलाइन ने 200 से ज्यादा फ्लाइट को रद्द कर दिया है। बेंगलुरु से 120, चेन्नई और हैदराबाद से 40 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। हैदराबाद से 58 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा कि हैदराबाद से 44 जाने वाली और 14 आने वाली फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। इंडिगो पर गहरा रहे इस संकट की वजह से एयरलाइन के शेयरों के दाम में भी गिरावट आई है।सोमवार को एयरलाइन के शेयर 9 प्रतिशत तक गिर गए थे।