Indigo Flight Crisis: इंडिगो की भारी गड़बड़ी के कारण हवाई सफर करने वाले यात्रियों की हालत खस्ता हो गई है। दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई जैसे बड़े एयरपोर्ट में यात्री दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। एयरपोर्ट जहां सारी सुविधाओं से लैस रहता है, वो भी असहाय नजर आ रहा है। इसबीच इंडिगो के सीईओ ने एक बड़ा बयान दिया है। इससे की फ्लाइट में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिस (CEO) पीटर एल्बर्स ने कहा कि पूरी तरह से हालात सामान्य होने में थोड़ा समय लगेगा। हमें उम्मीद है कि 10-15 दिसंबर तक हालात सामान्य हो जाएंगे।
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, पीटर ने आगे कहा कि 5 दिसंबर सबसे ज़्यादा प्रभावित दिन था, जिसमें सबसे ज्यादा 1000 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। मैं अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए तहे दिल से माफ़ी मांगता हूं। FDTL राहत लागू होने से रिकवरी प्रोसेस में काफी मदद मिल रही है।
कल से होगा सुधार
एल्बर्स ने कहा कि मझे अफ़सोस है कि हमारी ओर से उठाए गए कदम नाकाम रहे। लिहाजा हमने आज अपने पूरे सिस्टम और शेड्यूल को रीबूट करने का फैसला किया है। इसकी वजह से अब तक के सबसे ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। लेकिन कल से इसमें सुधार के लिए बड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस कदम से कैंसिल होन वाली फ्लाइट्स की संख्या 1000 से कम हो जाएगी। एल्बर्स ने आगे कहा कि DGCA की ओर से मुहैया कराई गई फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) से मौजूदा संकट से निपटने में मदद मिल रही है।
नागर विमानन मंत्री ने इंडिगो संकट पर क्या कहा?
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि इंडिगो की उड़ानों में देरी और कैंसलेशन के कारण हो रही मौजूदा बाधाओं की एक उच्च-स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जवाबदेही तय की जाएगी और भविष्य में ऐसी बाधाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
DGCA ने इंडिगो के खिलाफ जांच के दिए आदेश
वहीं DGCA ने इंडिगो के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। जांच कमेटी 15 दिनों के भीतर DGCA को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, ताकि आगे की कार्रवाई हो सके। सभी खामियों की जांच करने के लिए चार सदस्यों की कमेटी बनाई गई है। कमेटी में DGCA के सीनियर अधिकारी शामिल हैं।
सरकार ने शुरू की स्पेशल ट्रेनें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो के संकट की वजह से सरकार यात्रियों को राहत देने की कोशिश में जुटी हुई है। इसीलिए रेलवे ने लखनऊ अमृतसर से दिल्ली आने वाली सभी ट्रेनों में एसी कोच बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा पटना तेजस, मुंबई दिल्ली राजधानी, पटना दिल्ली राजधानी में भी एसी कोच बढ़ाए जा रहे हैं। वहीं मुंबई से नागपुर, मुंबई से हजरत निजामुद्दीन दिल्ली, मुंबई से हावड़ा, मुंबई से मडगांव, मुंबई से लखनऊ, पुणे से बेंगलुरु और नागपुर से पुणे के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।