आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें रिकॉर्ड तोड़ 25.20 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही कैमरन ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड मिचेल स्टार्क के नाम था, जिन्हें केकेआर ने आईपीएल 2023 ऑक्शन में 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। ग्रीन की नीलामी में शुरुआत से ही केकेआर आक्रामक नजर आई।
राजस्थान और चेन्नई से भिड़ंत के बाद KKR ने मारी बाजी
कैमरन ग्रीन की बोली की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुई। 13.40 करोड़ रुपए तक जाने के बाद राजस्थान ने हाथ पीछे खींच लिए। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एंट्री की और बोली को 25 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन अंत में CSK भी पीछे हट गई। इसके बाद KKR ने 25.20 करोड़ की अंतिम बोली लगाकर ग्रीन को अपने नाम कर लिया। ऑलराउंड क्षमता, तेज गेंदबाजी और विस्फोटक बल्लेबाजी ने ग्रीन को ऑक्शन का सबसे बड़ा नाम बना दिया।
25.20 करोड़ की बोली लेकिन ग्रीन को मिलेंगे सिर्फ 18 करोड़
कैमरन ग्रीन पर 25.20 करोड़ रुपए की बोली लगी, लेकिन आईपीएल के नियमों के मुताबिक उन्हें 18 करोड़ रुपए से ज्यादा सैलरी नहीं मिलेगी। आईपीएल के मैक्सिमम-फी नियम के अनुसार, मिनी ऑक्शन में किसी विदेशी खिलाड़ी की अधिकतम फीस सबसे ऊंचे रिटेंशन स्लैब से ज्यादा नहीं हो सकती। इस बार हाईएस्ट रिटेंशन स्लैब 18 करोड़ रुपए था। ऐसे में अतिरिक्त रकम टीम के पर्स से कटेगी लेकिन खिलाड़ी को तय सीमा से अधिक भुगतान नहीं किया जाएगा।
MI और RCB के रहे हैं सदस्य कैमरन ग्रीन
इससे पहले कैमरन ग्रीन MI (मुंबई इंडियंस) और RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर) के लिए खेल चुके हैं। IPL में KKR उनकी तीसरी टीम होगी। मुंबई ने हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने के लिए ग्रीन को आरसीबी को ट्रेड कर दिया था। बीते आईपीएल सीजन में कैमरन ग्रीन चोट की वजह से नीलामी में नहीं उतरे थे। एक साल बाद IPL में उनकी वापसी धमाकेदार रही है। कैमनर ग्रीन ने आईपीएल में अब तक खेले दो सीजन में 19 मैच में 41.59 के औसत और 153.70 के स्ट्राइक रेट से 707 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।