IPL Broadcast Ban in Bangladesh: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर शुरू हुई तल्खी अब बढ़ती नजर आ रही है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सोमवार को अपने देश में इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) के प्रसारण पर बैन लगा दिया है। यह बैन अनिश्चितकाल के लिए लगाया गया है। दरअसल, बांग्लादेश ने यह कदम स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद उठाया है।
9.20 करोड़ में लगी थी बोली
दिसंबर 2025 में अबू धाबी में हुई मिनी नीलामी के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। हालांकि, शनिवार को BCCI को सचिव देवजीत सैकिया के एक बयान में कहा कि बोर्ड ने KKR फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया है।
बांग्लादेशी सरकार ने प्रसारण पर लगाया रोक
इसके बाद अब सोमवार को मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार ने IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी है। बांग्लादेशी सरकार ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा, 'यह सूचित किया जाता है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा 26 मार्च 2026 से आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से बाहर कर दिया गया है।'
बयान में आगे कहा गया, 'भारतीय क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले का कोई ज्ञात तार्किक कारण नहीं है और इस निर्णय से बांग्लादेश के लोग दुखी, स्तब्ध और क्रोधित हैं। इस स्थिति में, अनुरोध है कि अगले आदेश तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सभी मैचों और आयोजनों का प्रसारण रोक दिया जाए'
टी20 विश्व कप के मैच भारत बाहर कराने की मांग
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अब सीधे तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (IIC) को चुनौती दे दी है। अगले महीने यानी फरवरी 2026 में टी20 विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है। BCB ने अब आधिकारिक तौर पर अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश की मांग है कि उनके मैच भारत से बाहर किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट किए जाएं। ग्रुप सी में शामिल बांग्लादेश को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और इटली के खिलाफ मैच खेलने थे, जबकि एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ तय था। BCB ने ICC को चेतावनी दी है कि अगर वेन्यू नहीं बदला गया, तो वे टूर्नामेंट से हट सकते हैं।