US Iran War: अमेरिका का दोस्त होना, दुश्मन होने से भी बुरा... आज अच्छे से समझ रहे होंगे यूएई और सऊदी

Iran Israel War 2026: ईरान की जवाबी कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि भले ही सऊदी अरब और यूएई ने अमेरिका को अपने अड्डों से हमले करने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन ईरान के लिए 'अमेरिका का मित्र' होना ही हमले का पर्याप्त कारण बन गया है।  

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड2 Mar 2026, 01:25 PM IST
अमेरिका से दोस्ती का खामियाजा भुगत रहे हैं खाड़ी के देश?
अमेरिका से दोस्ती का खामियाजा भुगत रहे हैं खाड़ी के देश?

IUS Iran War Effect on Gulf Countires: ‘अमेरिका का दुश्मन होना खतरनाक हो सकता है, लेकिन उसका दोस्त होना घातक है।’ दशकों पहले अमेरिकी राजनयिक हेनरी किसिंजर ने जब ये शब्द कहे थे, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि 2026 में दुबई की गगनचुंबी इमारतों के ऊपर फटने वाली मिसाइलें इस जुमले को एक कड़वी हकीकत बना देंगी। जब यूएई के पाम जुमेराह से धुआं उठा और सऊदी अरब के तेल क्षेत्रों पर हमले का खतरा मंडरा रहा है, तो खाड़ी के सुल्तानों को किसिंजर के उस 'दोस्ती के जाल' का अहसास हो रहा होगा।

विलासिता की जमीं पर बारूद की गंध

पिछले कई दशकों से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब को मध्य पूर्व के एक ऐसे 'सुरक्षित ठिकाने' के रूप में देखा जाता था, जहां व्यापार, पर्यटन और विलासिता का संगम था। लेकिन 28, फरवरी 2026 की सुबह ने इस भ्रम को हमेशा के लिए तोड़ दिया। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और सैन्य ठिकानों पर की गई बमबारी ने न केवल ईरान को झकझोरा, बल्कि उन पड़ोसी अरब देशों को भी युद्ध की आग में झोंक दिया जो शांति से अपना कारोबार कर रहे थे।

यह भी पढ़ें | US-Iran Relation इतने अच्छे दोस्त थे, फिर क्यों हो गई अमेरिका-ईरान में दुश्मनी?

दुबई का 'सुरक्षा कवच' टूटा

दुबई, जिसे दुनिया भर के रईसों और पर्यटकों के लिए स्वर्ग माना जाता था, अब मिसाइल इंटरसेप्टर की आवाजों से गूंज रहा है। ईरान द्वारा किए गए जवाबी हमलों में दुबई के प्रतिष्ठित 'पाम जुमेराह' (Palm Jumeirah) और 'बुर्ज अल अरब' (Burj Al Arab) जैसे इलाकों के ऊपर आसमान में धमाके देखे गए। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होफित गोलान, जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं, ने अपने बालकनी से धुएं का गुबार देखते हुए चीखते हुए कहा, 'हे भगावान... यह मेरे घर के सामने हो रहा है।' यह केवल एक व्यक्ति का डर नहीं, बल्कि उस पूरी व्यवस्था का डर है जिसे दशकों से 'सेफ हेवन' बताकर बेचा गया था।

'सभी लोकल लोग कह रहे थे 'नहीं भाई, तुम्हें चिंता करने की कोई बात नहीं है, सब ठीक है। मुझे लगा... दुबई में जहां मैं रहता हूं, वहां सच में जंग चल रही है। मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा।- डेनियल होम्स, दुबई में रहने वाले ट्रेडर

व्यापारिक केंद्रों पर चोट

खाड़ी देशों की अर्थव्यवस्था, जो विविधीकरण के दौर से गुजर रही थी, उसे इस युद्ध ने गहरी चोट पहुंचाई है।

शेयर बाजार में गिरावट: दुबई फाइनेंशियल मार्केट (DFM) और अबू धाबी सिक्योरिटीज एक्सचेंज (ADX) को दो दिनों के लिए बंद करना पड़ा है।

विमानन क्षेत्र ठप: दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, वहां से सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं। कतर और यूएई ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

सप्लाई चेन पर संकट: होर्मुज जलडमरूमध्य, जहां से दुनिया का 20 से 25 प्रतिशत तेल गुजरता है, अब युद्ध क्षेत्र बन चुका है। कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने की आशंका है।

सऊदी अरब और यूएई की दुविधा

इस संकट ने खाड़ी देशों के सामने एक बड़ा कूटनीतिक संकट खड़ा कर दिया है। सऊदी अरब और यूएई ने अमेरिका को अपने सैन्य अड्डों का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए करने से मना किया था, लेकिन ईरान के लिए यह फर्क बेमानी साबित हुआ। ईरान का तर्क सीधा है- यदि आप अमेरिका के सहयोगी हैं, तो आप निशाने पर हैं।

ब्रिटेन की पर्यटक रोबिन दुबई के फेयरमोंट होटल में ठहरी थीं। वह कहती हैं, 'यह एक रियलिटी चेक है। अब अहसास हो रहा है कि जो कुछ भी चमकता है, वह सब सोना नहीं होता।' दुबई की सड़कों पर पसरा सन्नाटा और सुपरमार्केट में सामान के लिए लगी लंबी कतारें बताती हैं कि आम जनता अब 'हम रहें शान में, बाकी सब भाड़ में' वाली मानसिकता में आ गई है।

यह भी पढ़ें | ओबामा को कोसा था, आज खुद वही किया! ईरान पर हमले के बाद ट्रोल हो रहे ट्रंप

भू-राजनीतिक परिणाम

ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल्बुसैदी के मुताबिक, परमाणु समझौता बस होने ही वाला था, लेकिन बमबारी ने कूटनीति के सारे दरवाजे बंद कर दिए। अब स्थिति यह है कि-

क्षेत्रीय सुरक्षा का अंत: दशकों से चली आ रही स्थिरता अब खत्म हो चुकी है।

अर्थव्यवस्था को झटका: सऊदी का 'विजन 2030' और यूएई के टेक हब बनने के सपने पर युद्ध के बादलों ने पानी फेर दिया है। निवेशक अब खाड़ी को 'जोखिम वाला क्षेत्र' मानने लगे हैं।

अनचाहा युद्ध: कुवैत, कतर और बहरीन जैसे देश, जो इस लड़ाई का हिस्सा नहीं थे, अब ईरान की मिसाइलों और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं।

लगातार सायरन बज रहे थे। मैं दिमागी तौर पर तैयार नहीं था। मैं डरा हुआ था, मैं असल में बाथरूम में छिप गया था।- एक दुबई निवासी

दोस्ती की 'घातक' कीमत

खाड़ी देशों, सऊदी अरब, यूएई, कतर और बहरीन ने दशकों तक अमेरिका को अपना सबसे बड़ा रक्षक माना। उन्होंने अरबों डॉलर के अमेरिकी हथियार खरीदे, अपनी जमीन पर अमेरिकी सैन्य ठिकाने बनाने दिए और क्षेत्र में वाशिंगटन के हितों की रक्षा की। लेकिन युद्ध ने दिखा दिया कि अमेरिका की यह 'सुरक्षा' वास्तव में एक 'चुंबक' की तरह काम कर रही है, जो दुश्मन की मिसाइलों को अपनी ओर खींच रही है।

यह भी पढ़ें | 'पुरिम' से पहले खामेनेई की मौत, क्या 2500 साल पुराना इतिहास दोहरा रहा है इजरायल?

क्या अब कुछ भी पहले जैसा रहेगा?

अमेरिका और इजरायल के इस आक्रामक कदम ने मध्य पूर्व को एक ऐसे मोड़ पर खड़ा कर दिया है जहां से वापसी का रास्ता मुश्किल नजर आता है। दुबई और रियाद जैसे शहर, जो अपनी शांति और समृद्धि के लिए जाने जाते थे, अब वैश्विक शक्तियों के बीच चल रहे 'अहंकार के युद्ध' की कीमत चुका रहे हैं। गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) के देश अब अपनी सुरक्षा रणनीति पर फिर से विचार करने को मजबूर हैं। क्या वे अभी भी अमेरिका पर भरोसा कर सकते हैं, जिसने उन्हें बिना बताए इस युद्ध की आग में झोंक दिया?

यह भी पढ़ें | इजराइल-US का ईरान पर भीषण हमला, मिडिल ईस्ट में महायुद्ध का भारत पर क्या असर?

अमेरिका की दोस्ती और दुश्मनी पर सही थे किसिंजर

आज का सच यही है कि अमेरिका के दुश्मन ईरान को तो नुकसान हुआ ही है, लेकिन यूएई, सऊदी जैसे उसके दोस्तों को जो 'घातक' चोट पहुंची है, उसकी भरपाई दशकों तक नहीं हो पाएगी। किसिंजर सही थे- अमेरिका की दोस्ती की कीमत अक्सर उसकी दुश्मनी से कहीं ज्यादा चुकानी पड़ती है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स और द इकॉनमिस्ट की रिपोर्ट्स से इनपुट के साथ।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सUS Iran War: अमेरिका का दोस्त होना, दुश्मन होने से भी बुरा... आज अच्छे से समझ रहे होंगे यूएई और सऊदी
More