सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम इस समय तकनीकी दिक्कतों का सामना कर रहा है। सैकड़ों यूजर्स ने प्लेटफॉर्म को एक्सेस करने में समस्या की शिकायत की है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर इंस्टाग्राम को लेकर 10,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। शिकायतों का सबसे बड़ा उछाल भारत के समय अनुसार सुबह करीब 8:59 बजे देखा गया।
डाउनडिटेक्टर कई स्रोतों से मिली जानकारी और यूजर्स द्वारा भेजी गई शिकायतों को इकट्ठा करके आउटेज को ट्रैक करता है। इसलिए वास्तविक रूप से प्रभावित यूजर्स की संख्या इससे अलग भी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि यह समस्या अमेरिका में ज्यादा गंभीर हो सकती है, जहां 10,000 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं। वहीं भारत में भी शिकायतों में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन यहां लगभग 100 शिकायतें ही दर्ज की गई हैं। इसके अलावा ब्रिटेन में भी करीब 170 शिकायतें सामने आई हैं, जहां शिकायतों का उछाल भारत के समय अनुसार सुबह 9:11 बजे देखा गया।
शिकायतों के अनुसार लगभग 71% यूजर्स को इंस्टाग्राम ऐप खोलने में समस्या आ रही है। वहीं 19% यूजर्स ने सर्वर कनेक्शन की दिक्कत बताई, जबकि करीब 5% यूजर्स ने फीड या टाइमलाइन एक्सेस करने में परेशानी की शिकायत की।
गौर करने वाली बात यह है कि मेटा प्लेटफॉर्म्स की ओर से अभी तक इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही इसे ठीक करने की समयसीमा बताई गई है।
फिलहाल यह समस्या मेटा प्लेटफॉर्म्स के अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, थ्रेड्स और व्हाट्सऐप पर नहीं दिख रही है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते फेसबुक को भी बड़े आउटेज का सामना करना पड़ा था, जब डाउनडिटेक्टर पर 11,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई थीं।
इस बीच रेडिट फोरम पर भी कई यूजर्स ने पोस्ट करके बताया है कि वे इंस्टाग्राम पर अपने डीएम (डायरेक्ट मैसेज) एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। शुरुआत में यूजर्स को लगा कि यह ऐप से जुड़ी समस्या है, लेकिन कई लोगों ने बताया कि डीएम टैब में ब्लैंक स्क्रीन दिखाई दे रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि समस्या सर्वर से जुड़ी हो सकती है।
इंस्टाग्राम आउटेज पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
रेडिट पर इंस्टाग्राम से जुड़े एक यूजर ने लिखा, “करीब दो घंटे पहले मेरे मैसेज पेज पर कोई मैसेज दिखाई नहीं दे रहा था, जबकि मेरे पास कई मैसेज हैं। मुझे इससे पहले दो नोटिफिकेशन भी मिले थे।”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “मेरे मैसेज और कॉन्टैक्ट्स इंस्टाग्राम पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। मैं सर्च टूल का इस्तेमाल भी नहीं कर पा रहा हूं और ऊपर स्क्रॉल भी नहीं कर सकता। अभी पूरा प्लेटफॉर्म ही खराब लग रहा है।”
एक और यूजर ने लिखा, “मैं अपने दोस्त को मैसेज करने के लिए इंस्टाग्राम पर आया था। मैं मैसेज तो भेज पा रहा हूं, लेकिन जो थीम हमने डीएम में लगाई थी वह गायब हो गई है। मेरी दोस्त ने बताया कि उसके बाकी डीएम की थीम भी हट गई हैं।”
एक अन्य यूजर ने अपनी परेशानी बताते हुए लिखा, “मैं और मेरा बॉयफ्रेंड अभी लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में हैं। हमारे दिन का सबसे अच्छा समय फोन कॉल करना और एक-दूसरे को रील्स भेजना होता है। लेकिन अभी यह समस्या होने से मैं काफी परेशान हूं।”