
Israel US Strike on Iran: इजरायल ने आज ईरान पर अमेरिका के साथ मिलकर हमला बोल दिया है। हमले की वजह से राजधानी तेहरान में काले धुएं का गुबार उठता दिखा। हमले के बाद के कई वीडियो सामने आए हैं। ईरान ने भी इजरायल के हमले का जवाब दिया है। इजरायल-ईरान के जंग के बीच भारत सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। यहां पढ़िए इजरायल-ईरान के युद्ध से जुड़ी हर अपडेट
ईरान के पलटवार के बीच दुबई के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक जुमैरह स्थित मशहूर पाम जुमैरह इलाके के फेयरमोंट होटल के पास मिसाइल गिरने की आशंका जताई गई है।
ईरान के दक्षिणी क्षेत्र में एक स्कूल को निशाना बनाकर किए गए हमले में हताहतों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और राहत कार्य जारी हैं।
एअर इंडिया ने यूरोप, अमेरिका और कनाडा के शहरों के लिए आने-जाने वाली 28 उड़ानों को एक मार्च के लिए रद्द किया।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि हम आत्मरक्षा के लिए इलाके में मिलिट्री बेस पर हमला कर रहे हैं: रॉयटर्स
अबू धाबी में फंसे हुए यात्री विल वरधन का कहना है कि मैं अमेरिका के शिकागो का रहने वाला हूं। मैं पिछले तीन हफ्तों से भारत की यात्रा पर था... मैं भारत के चेन्नई से अबू धाबी होते हुए शिकागो वापस जा रहा हूं। आज सुबह जब मैं 10 बजे चेन्नई से निकला, तब कोई समस्या नहीं थी। हमारा विमान उड़ान भर चुका था। हम यहां अबू धाबी पहुंच गए, और अब मैं यहां एक तरह से फंस गया हूं। मुझे पता चला है कि बमबारी चल रही है, और इस समय हमारी फ्लाइट की स्थिति के बारे में कुछ पता नहीं है। अभी अधिकारी कह रहे हैं कि यह (फ्लाइट) अपने तय समय पर है या फिर इसके बारे में अभी 'तय किया जाना बाकी है' (TBD)। लेकिन हकीकत में स्थिति अज्ञात है। मेरी फ्लाइट आज आधी रात को जाने वाली है, इसलिए अभी कुछ घंटे बाकी हैं। मुझे उम्मीद है कि आज दिन ढलने तक टेकऑफ के साथ चीजें फिर से सामान्य हो जाएंगी, लेकिन फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है।
मेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ शनिवार को सैन्य कार्रवाई शुरू करते हुए कहा है कि यह लड़ाई ईरान के खतरनाक परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करने और वहां की जनता को आजादी दिलाने के लिए है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को कहा कि ईरान पर अमेरिका के हमलों के मद्देनजर भारत और श्रीलंका में आयोजित टी20 विश्व कप से लौट रहे खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए वैकल्पिक उड़ान योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
ईरान इजरायल जंग के बीच कई बड़ी तेल और ट्रेडिंग कंपनियों ने होरमुज जलडमरूमध्य से ईंधन और कच्चे तेल की खेप अस्थायी रूप से रोक दी है। कंपनियों ने जहाजों की आवाजाही कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है।
ईरान के हमले के बीच कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अल-सलेम एयर बेस को निशाना बनाकर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, लेकिन कुवैती वायु रक्षा प्रणाली ने सभी मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर दिया।
दुबई मीडिया कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, "दुबई हवाईअड्डा इस बात की पुष्टि करता है कि दुबई इंटरनेशनल (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) पर सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित कर दी गई हैं।इसमें यह भी कहा गया है,यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इस समय हवाईअड्डा न जाएं और अपनी उड़ानों के बारे में ताजा जानकारी के लिए अपनी-अपनी एयरलाइनों से संपर्क करें।
ईरान के हमले के बाद दुबई एयरपोर्ट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा यात्रियों का सलाह दी गई है कि वे इस समय हवाई अड्डे से दूर रहें।
इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए भीषण हवाई हमलों में भारी तबाही की खबर है। ईरानी मीडिया की पुष्टि के अनुसार, इस हमले में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
इजरायल ने शनिवार को घोषणा की कि ईरान के खिलाफ उसके नवीनतम सैन्य अभियान को 'रोरिंग लॉयन' नाम दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी है। ये नामकरण जून में हुए 12 दिवसीय संघर्ष के दौरान स्थापित एक मिसाल का अनुसरण करता है, जब इजरायल के सैन्य अभियान को 'राइजिंग लायन' नाम दिया गया था।
ईरान ने एक साथ 5 देशों पर हमला कर दिया है। इसके अलावा उसने दावा किया कि अमेरिकी के सभी बेस हमारे निशाने पर हैं।
इजरायल और अमेरिका मिलकर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ देर पहले फिर से तेहरान में धमाकों की आवाज सुनाई दी। अमेरिका के राष्ट्रपति यह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आज पूरा दिन और रात तेहरान के ऊपर बमबारी होगी।
ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एक इजरायली सैन्य अधिकारी ने कहा है कि ईरान में लगभग 90 प्रतिशत इंटरनेट सेवाएं ठप हो गई हैं, जिससे देश के ज्यादातर हिस्सों में डिजिटल कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है।
ईरान ने अबू धाबी पर मिसाइल से हमला किया है, लेकिन वहां की रक्षा मंत्रालय ने उनके गिरा दिया। अबू धाबी के एक रिहायशी इलाके में मिसाइल के मलबे के गिरने से कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचा और एशियाई मूल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। हमले की वजह से क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है।
संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में ईरान से दागी गई कई मिसाइलों के हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
बहरीन ने शनिवार को कहा कि देश में स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को मिसाइल से निशाना बनाया गया है।
ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। ईरान के एयरस्पेस में एक भी विमान उड़ता नजर नहीं आ रहा है।
ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के मद्देनजर ईरान और इजराइल स्थित भारतीय दूतावासों ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है और आपात स्थिति में संपर्क के लिए फोन नंबर जारी किये हैं।
इजराइल के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण एअर इंडिया ने शनिवार को दिल्ली से तेल अवीव जा रही अपनी उड़ान को मुंबई की ओर मोड़ दिया। इजराइल द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के बाद कुछ हवाई क्षेत्रों को उड़ान संचालन के लिए बंद कर दिया गया है।
इजराइली सेना द्वारा कहा गया कि वह ईरान की ओर से किए जा रहे हमलों को नाकाम करने के मकसद से अपनी हवाई रक्षा प्रणालियों का उपयोग करेगी और इस टिप्पणी के तुरंत बाद धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं।
इजराइल द्वारा अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर शुरू किए गए हमलों के बाद शनिवार को तेहरान की तरफ से दागी गई मिसाइलों से उत्तरी इजराइल में धमाके हुए। ईरान की ओर से दागी जा रहीं मिसाइलों को रोकने के लिए इजराइल के प्रयासों के बीच धमाकों की आवाज सुनाई दी।
इजरायल ने आज दोपहर में अचानक इरान पर हमला बोल दिया। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने साफ तौर पर इसको ‘प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक’ यानी पहले हमला करने की कार्रवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमला संभावित खतरे को देखते हुए किया गया।