Dhankhar meeting Vice President CP Radhakrishnan: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मौजूदा उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से आज औपचारिक मुलाकात की। ये मुलाकात इसलिए खास रही क्योंकि राधाकृष्णन के उपराष्ट्रपति पद संभालने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बैठक थी। अधिकारियों के अनुसार, धनखड़ दोपहर में उपराष्ट्रपति निवास पहुंचे और राधाकृष्णन से सौहार्दपूर्ण चर्चा की।
सूत्रों का कहना है कि मुलाकात पूरी तरह औपचारिक रही और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले दोनों आखिरी बार राष्ट्रपति भवन में मिले थे, जब राधाकृष्णन ने शपथ ग्रहण किया था।
क्यों अहम है ये मुलाकात?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात केवल औपचारिकता नहीं बल्कि एक सकारात्मक संकेत भी है। धनखड़ ने अपने कार्यकाल के दौरान संसदीय परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया था। वहीं राधाकृष्णन ने पदभार संभालते ही स्पष्ट किया था कि वे संवाद और सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। ऐसे में दोनों नेताओं की भेंट को लोकतांत्रिक संस्थाओं की निरंतरता और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।
21 जुलाई को दिया था इस्तीफा
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद इस पद के लिए चुनाव हुआ और सितंबर में राधाकृष्णन ने शपथ ली। इस तरह धनखड़ के इस्तीफे और राधाकृष्णन के पदभार ग्रहण के बाद ये मुलाकात लोकतांत्रिक परंपरा और संवैधानिक पदों के सम्मान का प्रतीक मानी जा रही है।अभी तक मंगलवार की बैठक को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण रही और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं हैं।
कब बने सी.पी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति?
सी.पी. राधाकृष्णन 12 सितंबर 2025 को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बने। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में शपथ ली और जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद इस पद का कार्यभार संभाला था।