Rajpal Yadav Case: बॉलिवुड एक्टर राजपाल यादव के जेल जाने की खबर ने बहुत से लोगों को मायूस कर दिया है। करोड़ों का कर्ज नहीं चुका पाने के कारण राजपाल यादव को जेल जाना पड़ा। इस बीच राजपाल यादव की तरफ मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं। पहली मदद बिहार से मिली है। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राजपाल के परिवार को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
तेज प्रताप यादव ने की 11 लाख रुपये
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि उन्हें राजपाल यादव के जेल जाने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में वह मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से 11 लाख रुपये की मदद कर रहे हैं।
तेज प्रताप की घोषणा पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया
तेज प्रताप यादव की इस पोस्ट पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई राजपाल यादव से सहानुभूति जता रहा है तो कोई उन्हें कानून का उल्लंघन करने का दोषी बता रहा है। इस बीच कुछ लोग तेज प्रताप यादव के इस रुख की सराहना भी कर रहे हैं।
ऐक्टर सोनू सूद ने राजपाल यादव को ऑफर की फिल्म और दिया साइनिंग अमाउंट
इससे पहले एक्टर सोनू सूद ने राजपाल यादव को आगामी फिल्म में भूमिका के लिए एडवांस अमाउंट देने की घोषणा की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने हमारे फिल्म उद्योग को कई सालों तक यादगार काम दिया है। कभी-कभी ज़िंदगी नाइंसाफी कर बैठती है—हुनर की कमी से नहीं, बल्कि बुरे वक्त की वजह से।'
उन्होंने आगे लिखा, 'वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे, और मेरा मानना है कि यह हम सभी निर्माताओं, निर्देशकों और साथियों के लिए एक साथ खड़े होने का समय है। भविष्य में मिलने वाले काम के बदले दी गई एक छोटी सी साइनिंग अमाउंट कोई खैरात नहीं, बल्कि उनका आत्मसम्मान है। जब हमारा अपना कोई कठिन दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे यह याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम दिखा सकते हैं कि हम सिर्फ एक काम करने वाली जगह (इंडस्ट्री) ही नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।'
राव इंदरजीत यादव ने भी की 1.11 करोड़ देने की घोषणा
उधर, जेम ट्यून्स म्यूजिक के राव इंदरजीत सिंह यादव ने भी राजपाल को 1 करोड़, 11 लाख रुपये की मदद की घोषणा की है।
क्या है चेक बाउंस केस?
राजपाल यादव ने एक फिल्म बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये लोन लिया था। समय पर लोन का भुगतान नहीं कर पाने के कारण ब्याज बढ़ता गया और रकम 8 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। बाद में 7 करोड़ रुपये चुकाने पर सहमति बनी, लेकिन राजपाल यह रकम भी नहीं चुका पाए। उनके चेक बाउंस होते गए और फिर जेल जाने की नौबत आ गई।