January 2026 Festival List: नए साल की शुरुआत हमेशा नई उम्मीदों और धार्मिक आस्थाओं के साथ होती है। जनवरी का महीना हिंदू पंचांग के लिहाज से बेहद खास माना जाता है, क्योंकि इसी महीने से माघ मास की शुरुआत होती है और कई बड़े व्रत-त्योहार आते हैं। इस दौरान पूजा-पाठ, दान-पुण्य और स्नान का विशेष महत्व रहता है। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि जनवरी 2026 में कौन-कौन से व्रत और पर्व पड़ रहे हैं, तो यह पूरी लिस्ट आपके लिए काम की साबित होगी।
जनवरी 2026 में पड़ने वाले प्रमुख व्रत और त्योहार
जनवरी की शुरुआत ही धार्मिक गतिविधियों के साथ होती है। 1 जनवरी को प्रदोष व्रत था, जिसे भगवान शिव की पूजा के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इसके बाद 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा आएगी, जिस दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है।
6 जनवरी को सकट चौथ का व्रत रखा जाएगा, जिसे संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है। इसके बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति और षटतिला एकादशी एक ही दिन पड़ रही हैं, जिसे बेहद शुभ संयोग माना जाता है।
16 जनवरी को प्रदोष व्रत और मासिक शिवरात्रि का संयोग बनेगा। वहीं 18 जनवरी को माघ अमावस्या यानी मौनी अमावस्या मनाई जाएगी, जब लाखों श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान करते हैं। 23 जनवरी को बसंत पंचमी मनाई जाएगी, जो मां सरस्वती को समर्पित पर्व है। 25 जनवरी को रथ सप्तमी और 26 जनवरी को भीष्म अष्टमी मनाई जाएगी। वहीं 29 जनवरी को जया एकादशी और 30 जनवरी को महीने का अंतिम प्रदोष व्रत रहेगा।
माघ माह का खास महत्व
हिंदू धर्म में माघ मास को बेहद पुण्यदायी माना गया है। इस महीने में स्नान, दान और जप करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। खासकर माघ स्नान को मोक्ष प्राप्ति का साधन माना जाता है। यही वजह है कि इस दौरान प्रयागराज जैसे तीर्थ स्थलों पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी का महत्व
मौनी अमावस्या को मौन व्रत और पवित्र नदियों में स्नान करने से मन और आत्मा शुद्ध होती है। वहीं बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा से विद्या, बुद्धि और कला में उन्नति मानी जाती है। विद्यार्थी और कलाकार इस दिन विशेष पूजा करते हैं।