JP Morgan Employee petition: अमेरिका के सबसे बड़े बैंक के खिलाफ क्यों आवाज उठा रहे हैं कर्मचारी? जानें मामला क्या है

JP Morgan Employee petition: जेपी मॉर्गन चेज में सीईओ जेमी डाईमन के पांच दिन ऑफिस अनिवार्य करने के फैसले के खिलाफ कर्मचारियों की याचिका सामने आई है। 3 लाख कर्मचारियों में से 2,000 ने हस्ताक्षर किए हैं। कुछ कर्मचारी हाइब्रिड मॉडल की वापसी चाहते हैं, जबकि कंपनी प्रबंधन फैसले पर कायम है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड12 Feb 2026, 01:54 PM IST
JP Morgan Chase के खिलाफ क्यों आवाज उठा रहे हैं कर्मचारी?
JP Morgan Chase के खिलाफ क्यों आवाज उठा रहे हैं कर्मचारी?(Reuters)

JP Morgan Employee petition: कोरोना के बाद वर्क फ्रॉम होम कई लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गया था। लेकिन अब बड़ी कंपनियां फिर से ऑफिस कल्चर पर जोर दे रही हैं। अमेरिका के सबसे बड़े बैंक JPMorgan Chase में भी यही बहस छिड़ी हुई है। सीईओ जेमी डाईमन ने कर्मचारियों को हफ्ते में पांच दिन ऑफिस आने का आदेश दिया, जिसके बाद एक याचिका सामने आई है जिसमें इस फैसले को वापस लेने की मांग की गई है।

फुल-टाइम ऑफिस पर कर्मचारियों की आपत्ति

यह याचिका पिछले साल फरवरी में शुरू की गई थी अभी भी ऑनलाइन सक्रिय है। इसे वॉल स्ट्रीट के दिग्गज जेमी डाईमन को संबोधित किया गया है। द फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस याचिका में कर्मचारियों ने हाइब्रिड कार्य व्यवस्था खत्म होने की शिकायत की है। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ कर्मचारियों ने अमेरिका की कम्युनिकेशंस वर्कर्स ऑफ अमेरिका से संपर्क कर लेबर यूनियन बनाने की सलाह भी मांगी, जो अमेरिकी वित्त क्षेत्र में काफी दुर्लभ माना जाता है।

करीब 3 लाख से ज्यादा कर्मचारियों वाली इस कंपनी में अब तक 2,000 लोगों ने याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं।

मार्च से लागू हुआ नया नियम

मार्च से बैंक ने सभी कर्मचारियों को पांच दिन ऑफिस आने का निर्देश दिया। यह फैसला मुख्य रूप से उन लगभग 30% कर्मचारियों पर लागू हुआ, जिन्हें पहले हफ्ते में कुछ दिन घर से काम करने की अनुमति थी। उस समय लगभग 70% स्टाफ पहले से ही ऑफिस लौट चुका था।

एम्प्लॉयीज ने क्या कहा?

द फाइनेंशियल टाइम्स से बातचीत में एक कर्मचारी ने कहा कि याचिका पर नाम जोड़ना 'करियर सुसाइड' जैसा हो सकता है। हाइब्रिड वर्क की वापसी के समर्थन में याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले एक जेपीमॉर्गन कर्मचारी ने कहा, “मेरी टीम दो महाद्वीपों और तीन अलग-अलग टाइम जोन में फैली हुई है।" एक अन्य कर्मचारी ने कहा, "जेपीमॉर्गन एक ग्लोबल कंपनी है तो फिर उसमें मेरा होम ऑफिस क्यों शामिल नहीं हो सकता?”

याचिका में यह भी कहा गया कि हाइब्रिड मॉडल काम कर रहा था और कर्मचारी इससे संतुष्ट थे। उनका तर्क है कि कंपनी की संस्कृति में हाल के महीनों में तनाव बढ़ा है।

सीईओ का सख्त रुख

टाउन हॉल मीटिंग में जेमी डाईमन ने साफ कहा कि वह इस याचिका पर समय बर्बाद नहीं करना चाहते। उन्होंने कर्मचारियों से अधिक दक्षता पर ध्यान देने को कहा और यह भी जोड़ा कि कंपनी में काम करना या न करना उनका व्यक्तिगत चुनाव है।

सीएनबीसी और ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में जेमी डाईमन ने कहा कि वह घर से काम के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जहां यह मॉडल काम नहीं करता, वहां ऑफिस जरूरी है। उनके मुताबिक करीब 10% नौकरियां अभी भी रिमोट हैं, लेकिन युवा कर्मचारियों, मैनेजमेंट और इनोवेशन के लिए ऑफिस में मौजूदगी अहम है।

जेपी मॉर्गन में यह बहस सिर्फ एक कंपनी की नहीं, बल्कि बदलते वर्क कल्चर की है। एक तरफ लचीलापन चाहने वाले कर्मचारी हैं, तो दूसरी ओर ऑफिस में सहयोग और उत्पादकता पर जोर देने वाला प्रबंधन। आने वाले समय में यह मॉडल किस दिशा में जाएगा, इस पर सबकी नजर है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सJP Morgan Employee petition: अमेरिका के सबसे बड़े बैंक के खिलाफ क्यों आवाज उठा रहे हैं कर्मचारी? जानें मामला क्या है
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सJP Morgan Employee petition: अमेरिका के सबसे बड़े बैंक के खिलाफ क्यों आवाज उठा रहे हैं कर्मचारी? जानें मामला क्या है