Kal Ka Mausam, 11 January 2026: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर तक देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं से गलन महसूस हो रही है। वहीं यूपी-बिहार में कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली में गिरेगा तापमान
दिल्ली-एनसीआर में अब गलन वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार कल और परसो राजधानी का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं सुबह के वक्त कल भी कोहरा छा सकता है। हालांकि 2-3 बजे के करीब धूप निकलने की संभावना है।
यूपी-बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
यूपी-बिहार में मौसम बिगड़ने वाला है। IMD ने झांसी, बांदा, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, टूंडला, अलीगढ़, नोएडा, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, पीलीभीत, बरेली, रामपुर में कल घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं यूपी से सटे बिहार में कोल्ड डे का अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में कोल्ड-डे के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
झारखंड में येलो अलर्ट जारी
झारखंड के कई हिस्सों में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और राज्य के आठ जिलों में अचानक से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, गुमला, रांची और खूंटी जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रविवार सुबह 8:30 बजे तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर में पड़ रही जमा देने वाली ठंड
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले 10 दिनों तक मौसम के स्थिर रहने के आसार हैं। हालांकि अभी भी कश्मीर में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है।
राजस्थान में चल रही सर्द हवाएं
राजस्थान में कड़ाके की ठंड का कहर जारी हैं। आज कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। वहीं आगामी दो तीन दिन में कोटा, सवाईमाधोपुर, जयपुर, सीकर, झालावाड़ एवं बूंदी सहित कई जिलों में कोहरा छाया रहने एवं शीतलहर चलने की संभावना जताई गई हैं।