
उत्तर भारत के साथ-साथ दिल्ली-NCR में भी एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कल यानी 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जबकि 27 जनवरी को कुछ इलाकों में भारी बारिश, भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि 27 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगह गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है। साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे मौसम में फसलों, यातायात और दैनिक जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो 26 और 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में, जबकि 27 और 28 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 27 जनवरी को इन राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 27 और 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में इतनी ही गिरावट और फिर तीन दिनों में दोबारा तापमान बढ़ने की संभावना है। मध्य भारत, महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की गिरावट और फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बता दें कि इस दौरान कोहरे और शीतलहर का असर भी देखने को मिलेगा। उत्तराखंड में 27 जनवरी तक, हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जनवरी, उत्तर प्रदेश में 27, 29 और 30 जनवरी, राजस्थान में 28 से 30 जनवरी और बिहार में 29 से 31 जनवरी के बीच सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 27 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है।
दिल्ली में 27 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं। दोपहर से रात तक भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.