IMD Heavy Rain Alert: अगस्त के आखिरी दिन यानी 31 अगस्त 2026 को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। खास नजर ओडिशा, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड पर रहेगी।
IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा के तटों के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से 30 और 31 अगस्त को गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 30 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है।
ओडिशा में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, भुवनेश्वर में बारिश और तूफान के कारण जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके लिए आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसी तरह कटक, बालासोर और संबलपुर में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर अचानक बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा बढ़ सकता है।
बिहार में बारिश
बिहार में 31 अगस्त को कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में 31 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है। 31 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका जताई है। यानी सोमवार को बारिश का असर किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे प्रदेश में भारी बारिश होगी। बारिश स्थानीय स्तर पर अलग-अलग स्थानों पर हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली - NCR में मौसम का हाल
दिल्ली में भी कल यानी 31 अगस्त को बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। वहीं, दिल्ली में कल यानी 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
पश्चिम भारत में क्या हाल?
पश्चिम भारत में 31 अगस्त को हर जगह भारी बारिश की स्थिति नहीं है। कोंकण और गोवा में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक काफी व्यापक बारिश का अनुमान है। गुजरात, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि 31 अगस्त के लिए इन क्षेत्रों में व्यापक भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी बारिश जारी रहने वाली है। अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में 30 अगस्त से 5 सितंबर के दौरान काफी व्यापक बारिश की संभावना है। 31 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश और असम-मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।