उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी से 03 फरवरी के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 01 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और तेज़ हवाओं का असर रह सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से।
हल्की बारिश होने की संभावना
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 31 जनवरी को ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। वहीं, अगले कुछ हफ्तों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 3-5°C की बढ़त और फिर 2-4°C की गिरावट की संभावना है। मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में तापमान में 2-3°C की बढ़त हो सकती है।
कुछ ऐसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली में 31 जनवरी को मौसम सुबह आंशिक बादलों के साथ ठंडा रहेगा। सुबह-सुबह हल्का या घना कोहरा रहने की संभावना है। दोपहर में मौसम थोड़ा खुला रहेगा, लेकिन शाम और रात को गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 20-22°C और न्यूनतम 06-08°C के बीच रहेगा। सुबह की हवा 5 किमी/घंटा, दोपहर में 8 किमी/घंटा और शाम-रात में 10 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी।
सावधानी बरतें
कोहरे और तेज हवाओं के चलते सड़क यात्रा में सावधानी बरतें। खासकर सुबह और रात के समय वाहन चालक, पैदल यात्री और स्कूल जाने वाले बच्चे सतर्क रहें। इसके अलावा, बारिश और ओले की संभावना वाले इलाकों में घरों के आसपास भी सावधानी जरूरी है।