नई दिल्ली: अगर आप 31 जुलाई को यात्रा करने या किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को देश के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत और पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी घाट के इलाकों और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में तेज बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में भारी बारिश
दिल्ली-NCR में इन दिनों मानसून एक्टिव है और बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 31 जुलाई को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कल सुबह, दोपहर और रात, तीनों समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार, कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी के कई दिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कल बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल यानी 31 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है। 2 अगस्त से बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल मौसम लगभग शुष्क रहेगा, लेकिन 3 अगस्त से यहां भी भारी बारिश की संभावना है। कल सीधे तौर पर भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन 3-5 अगस्त के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
बिहार में बिजली गिरने की आशंका
बिहार के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 31 जुलाई से कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
महाराष्ट्र और पश्चिमी भारत में बारिश का असर
महाराष्ट्र में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पालघर समेत कुछ इलाकों के लिए अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है।
गुजरात में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए अहमदाबाद समेत गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में अत्यधिक भारी और असामान्य बारिश हो सकती है। 2 अगस्त तक कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वी और दक्षिण भारत का हाल
पूर्वी भारत के राज्यों में लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, विशेषकर कर्नाटक में भी बारिश के आसार हैं। कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है।