
देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम खराब बना हुआ है। उत्तर भारत से लेकर पहाड़ी इलाकों तक बादल छाए हैं और बारिश, आंधी व ठंड का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटों में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज हवा, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। घने कोहरे और शीतलहर की वजह से ठंड अभी बनी रहेगी।
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3 से 4 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। खराब मौसम के कारण ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं पर असर पड़ सकता है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।
महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मुंबई में फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी महसूस हो रही है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीते 24 घंटे में बारिश और तेज हवाओं से ठंड बढ़ी है। आने वाले कुछ घंटों में फिर बारिश हो सकती है। प्रदूषण में थोड़ी राहत मिली है और AQI करीब 200 के आसपास है। 3 फरवरी को तापमान 9 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राजस्थान में बारिश और ठंड जारी है। कई जिलों में तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। पाली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, श्रीगंगानगर में 9, जयपुर में 11 और अलवर में 7 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
हरियाणा व पंजाब में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोनों राज्यों में कोहरा और शीतलहर से ठंड महसूस होगी। हरियाणा के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पंजाब के कुछ जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है और आगे भी हल्की बारिश की संभावना है। यहां तापमान 5 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पश्चिमी यूपी में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक बारिश का अलर्ट है। मध्य यूपी में बादल गरजने और बिजली गिरने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बिहार में भी ठंड का असर जारी है और कई जगह कोहरा छाया रहेगा।
हिमाचल में कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। कुल्लू, मनाली, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है। लाहौल-स्पीति में तापमान माइनस 5 डिग्री तक पहुंच गया है। उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और बर्फबारी का दौर चल रहा है। अगले 48 घंटों तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फ गिर सकती है। कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे रहने की संभावना है और पूरे राज्य में कोल्ड डे का अलर्ट जारी है।
दक्षिण भारत में फिर से बेमौसम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट के जिलों में कम दबाव के सिस्टम के कारण बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। 5 फरवरी तक यह असर बना रह सकता है। भारी बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है। केरल और लक्षद्वीप के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.