
Kal Ka Mausam, 4 March 2026: देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल सकता है। कहीं बादल छाए रहेंगे, कहीं हल्की बारिश होगी तो कई जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार उत्तर भारत में हल्की ठंड का असर अभी भी बना रहेगा, जबकि मध्य और पश्चिम भारत में दिन के समय गर्मी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक इस हफ्ते उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता है। वहीं मध्य भारत में यह 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। होली के दिन पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। इधर मेघालय और बंगाल के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
IMD का पूर्वानुमान है कि 4 से 8 मार्च तक एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होगा। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 8 मार्च को उत्तराखंड के कुछ हिस्से में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, होली के मौके पर समूचा उत्तर भारत में मौसम साफ रहेगा और 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं चलेंगी। खासकर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार समेत अन्य राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे दिन में गर्मी का एहसास होगा।
दिल्ली-NCR में मौसम साफ और होली के त्योहार पर भी कोई अड़चन नहीं आएगी। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 मार्च को अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला है। सुबह हल्की ठंड और दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी। अगर रंग और गुलाल में आप भीग गए तो सर्दी का एहसास नहीं होगा।
फिलहाल, हवाओं की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे होने के कारण हवा की क्वालिटी बेहतर हो रही है, जिससे लोगों को पॉल्यूशन से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, आनंद विहार में एक्यूआई 290, बवाना में 230, अशोक विहार में 220, अलीपुर में एक्यूआई 185, आया नगर में AQI 160, चांदनी चौक का एक्यूआई 195 आसपास रहने का अनुमान है। नोएडा की बात करें तो यहां एक्यूआई 205, गाजियाबाद में लोनी का एक्यूआई 245 रहने का पूर्वानुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस क्रमिक वृद्धि और उसके बाद के 4 दिनों में 3-4 डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है।
पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है, जिससे जम्मू-कश्मीर में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 4 मार्च से जम्मू-कश्मीर में बारिश एवं बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। यह 8 मार्च तक लगातार मौसमी गतिविधियां करता नजर आएगा। 7 और 8 मार्च को तेज बारिश हो सकती है। अधिकांश हिस्सों पर दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है। फिलहाल, घाटी के अधिकांश भागों पर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे अभी भी सर्दी का एहसास हो रहा है।
महाराष्ट्र और गुजरात में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। मुंबई और आसपास के इलाकों में आर्द्रता के कारण उमस भी महसूस हो सकती है। गुजरात के कई शहरों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। गोवा में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन समुद्र किनारे हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहेगा।
दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है। चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। केरल में कुछ तटीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दक्षिण भारत में सुबह का मौसम थोड़ा सुहावना रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप तेज हो सकती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.