कल का मौसम: दिल्ली में शीतलहर की चेतावनी, कई जगह बारिश का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम?

Kal ka mausam: देशभर में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिल्ली में धुंध और ठंडी हवाएं, उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी, छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश, यूपी-बिहार में कोहरा और जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आंशिक बहाली। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम और बदल सकता है।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम एजेंसियां)
अपडेटेड28 Jan 2026, 07:39 PM IST
मंगलवार, 27 जनवरी को नोएडा में बारिश के दौरान एक युवक गाड़ी चलाता हुआ।
मंगलवार, 27 जनवरी को नोएडा में बारिश के दौरान एक युवक गाड़ी चलाता हुआ।(HT)

Kal ka mausam: जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक कहीं कड़ाके की ठंड है, कहीं कोहरे ने रफ्तार थाम दी है तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम की वजह से अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में बुधवार सुबह हल्की धुंध देखने को मिली और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा रहा। सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 266 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 16.9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने 29 जनवरी की सुबह शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

उत्तराखंड में बर्फबारी, हिमस्खलन का अलर्ट जारी

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी ने केदारनाथ धाम को पूरी तरह सफेद चादर में ढक दिया है। यहां तीन से चार फीट तक बर्फ जमा हो चुकी है और तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अलर्ट और हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में कई सड़कें बंद, जनजीवन अस्त-व्यस्त

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात भारी हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के चलते हालात बिगड़ गए। कई जगहों पर सड़कें बंद हैं, बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। शिमला जिले में ही 93 लिंक सड़कें और 6 मुख्य सड़कें बंद पड़ी हैं। राज्यभर में 3,200 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर ठप हो चुके हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।

छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। रायपुर में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री और रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।

तेज जेट स्ट्रीम बढ़ा रही है हलचल

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के ऊपर 12 से 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 125 नॉट की रफ्तार से जेट स्ट्रीम बह रही है। यही तेज हवाएं मौसम में अचानक बदलाव की वजह बन रही हैं। 30 जनवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश कर सकता है।

जम्मू-श्रीनगर हाईवे आंशिक रूप से खुला

कश्मीर घाटी में बर्फबारी के बाद बंद किया गया जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया है। फिलहाल इस 270 किलोमीटर लंबे मार्ग पर केवल हल्के वाहनों को ही चलने की अनुमति है। मौसम विभाग ने आगे भी हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।

यूपी में शीतलहर

उत्तर प्रदेश में 29 जनवरी को कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। कुछ जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। मध्य और पूर्वी यूपी में हल्की धूप के साथ ठंड बनी रहेगी, जबकि रात का तापमान और गिर सकता है। लखनऊ में सुबह घना कोहरा रहेगा और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री तक जा सकता है। नोएडा में भी सुबह कोहरा और धुंध रहेगी, लेकिन बारिश या ओलावृष्टि की कोई संभावना नहीं है।

बिहार में कैसा रहेगा 29 जनवरी का मौसम

बिहार में मौसम एक बार फिर बदलने के संकेत हैं। अगले दो दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। 29 जनवरी को दक्षिण-पश्चिम बिहार और 30 जनवरी को उत्तर-पश्चिम बिहार में घना कोहरा पड़ने का अनुमान है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: दिल्ली में शीतलहर की चेतावनी, कई जगह बारिश का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम?
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: दिल्ली में शीतलहर की चेतावनी, कई जगह बारिश का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम?