कल का मौसम 12 मार्च: सावधान! कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, गुजरात में भीषण लू की चेतावनी

Kal ka mausam 12 March 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। गुजरात में लू और भीषण गर्मी की चेतावनी है, जबकि पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।

Priya Shandilya
अपडेटेड11 Mar 2026, 06:23 PM IST
कल 12 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
कल 12 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?(HT)

Kal ka mausam 12 March 2026: मार्च का महीना आमतौर पर मौसम के बदलने का समय माना जाता है, लेकिन इस बार देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने कई तरह के रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में अलग-अलग तरह के मौसम देखने को मिल सकते हैं। गुजरात में जहां भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की गई है, वहीं पूर्वोत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

कल दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में कल यानी 12 मार्च को मौसम मिला-जुला रहने वाला है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिससे चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। कुल मिलाकर दिन में गर्मी का एहसास बना रहेगा, लेकिन बादलों की आवाजाही से मौसम थोड़ा सुहावना भी लग सकता है।

यूपी से पंजाब तक जल्द बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 14 मार्च 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इस सिस्टम के असर से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 14 से 16 मार्च के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

गुजरात में भीषण लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 मार्च के बीच गुजरात के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। खास तौर पर गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में तापमान काफी ज्यादा रहने की संभावना है। 11 मार्च को कई जगहों पर भीषण गर्मी महसूस की जा सकती है, जबकि 12 और 13 मार्च को भी कुछ इलाकों में लू का असर जारी रह सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि 13 मार्च के बाद धीरे-धीरे इस गर्मी में कमी आने की उम्मीद जताई गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

जहां पश्चिम भारत में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इन राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

हिमाचल में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का खतरा

हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 मार्च को कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 और 12 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ स्थानों पर 11 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है।

उत्तराखंड में भी कल कहीं-कहीं गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश के आसार

पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदल सकता है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 13 से 15 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश में 14 और 15 मार्च, पूर्व मध्य प्रदेश में 15 मार्च, और बिहार तथा झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बदलेगा मौसम

दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना में 15 मार्च को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।

कहां बढ़ेगी और कहां घटेगी गर्मी?

देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का रुख भी अलग-अलग रहेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अगले एक हफ्ते के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। मध्य भारत में फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में शुरुआती दिनों में गर्मी बनी रह सकती है, जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।

तटीय इलाकों में उमस भरा मौसम

कोंकण, गुजरात के तटीय इलाके, केरल और माहे में 11 से 13 मार्च के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कर्नाटक के तटीय हिस्सों में भी 11 और 12 मार्च को इसी तरह की स्थिति देखने को मिल सकती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम 12 मार्च: सावधान! कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, गुजरात में भीषण लू की चेतावनी
More