कल का मौसम: सर्दी अभी कम नहीं हुई है! कहीं खिली धूप तो कहीं बढ़ी ठंड, जानें कल कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam: उत्तर भारत में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली में धूप से राहत है, यूपी-बिहार में कोहरा परेशान करेगा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी बढ़ेगी, जबकि झारखंड में कड़ाके की ठंड लौट आई है। जानें कल 8 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम।

Priya Shandilya
अपडेटेड7 Feb 2026, 07:30 PM IST
कल 8 फरवरी को देशभर में मौसम का हाल
कल 8 फरवरी को देशभर में मौसम का हाल(ANI)

Kal ka mausam: उत्तर भारत में सर्दी अब अलग-अलग रंग दिखा रही है। कहीं सुबह की धूप राहत दे रही है, तो कहीं घना कोहरा और बर्फबारी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। आइए जानते हैं कि कल देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

दिल्ली में कल का मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाएगा, लेकिन दिन चढ़ने पर धूप निकलने से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है। दिन में हल्की हवाएं चलेंगी और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही से प्रदूषण में कमी की उम्मीद है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

यूपी में अभी भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार करीब 25 जिलों में घना से अति घना कोहरा छाने का अनुमान है। इससे ट्रेनों और सड़क यातायात पर असर पड़ेगा। दिन में धूप राहत देगी, लेकिन शाम होते ही गलन वाली ठंड महसूस होगी। अगले तीन दिन बाद बादल लौट सकते हैं।

बिहार में 8 फरवरी का मौसम?

बिहार में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पटना समेत कई जिलों में हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। राज्य के अधिकतर जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से बदलेगा मौसम

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 9 और 10 फरवरी को मौसम और बिगड़ने के आसार हैं, जब बारिश के साथ बर्फबारी भी तेज हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कुछ घंटों तक हल्की बारिश की संभावना है। 8 फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 9 फरवरी तक लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू-मनाली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर: माइनस में तापमान

जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम जैसे इलाकों में तापमान माइनस में बना हुआ है, जिससे गलन वाली सर्दी लोगों को परेशान कर रही है। 9 और 10 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक बार फिर बर्फबारी और बारिश तेज हो सकती है।

राजस्थान में कुछ दिन शुष्क

राजस्थान में अगले तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्के बादल दिख सकते हैं। 9 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी इलाकों को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम फिर करवट ले सकता है।

झारखंड में कड़ाके की ठंड

झारखंड में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। हिमालयी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर यहां तक महसूस किया जा रहा है। अगले एक हफ्ते तक शीतलहर बने रहने की आशंका है। खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और रांची में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर तक सिमट सकती है। लोगों को सूर्योदय के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: सर्दी अभी कम नहीं हुई है! कहीं खिली धूप तो कहीं बढ़ी ठंड, जानें कल कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: सर्दी अभी कम नहीं हुई है! कहीं खिली धूप तो कहीं बढ़ी ठंड, जानें कल कैसा रहेगा मौसम